बाबा रामदेव ने कहा- राष्ट्रद्रोह जैसा है नोटबंदी का विरोध
प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि नोटबंदी के फैसले का दूरगामी असर होगा। उनके साथ स्वामी अवधेशानंद और डॉक्टर प्रणव पंड्या भी मौजूद थे। रामदेव ने कहा, 'संत समाज राष्ट्रहित में लिए गए फैसले के साथ है।'
'ऐतिहासिक निर्णय लेने की वजह से पीएम मोदी की जान को खतरा'
योद गुरु ने कहा कि नोटबंदी से नकली नोट का धंधा भी बंद हुआ है। नोटबंदी के निर्णय को देश के लिए फायदेमंद बताते हुए उन्होंने कहा, 'लोगों को सस्ता लोन मिलेगा।' गौरतलब है कि पीएम मोदी ने 8 नवंबर को 500 और 1000 के पुराने नोट चलन से बाहर करने की घोषणा की थी। प्रधानमंत्री ने नोटबंदी के निर्णय को कालेधन के खिलाफ कार्रवाई करार दिया था।
इससे पहले नोटबंदी के बाद बैंक और एटीएम के बाहर लगी लंबी कतारों पर दिए बयान में रामदेव ने कहा था कि अगर जवान बिना खाए कई दिन तक सीमा पर लड़ सकते हैं, तो धैर्यपूर्वक अपनी बारी का इंतजार करने वाली जनता राष्ट्र के लिए इतना कर सकती है। उन्होंने कहा,'जंग के दौरान, हमारे सैनिक 7-8 दिन तक बिना खाए लड़ते हैं। हम अपने देश के इतना नहीं कर सकते।'
बाबा रामदेव ने हाल ही में कहा था कि नोटबंदी जैसा ऐतिहासिक निर्णय लेने की वजह से पीएम मोदी की जान को आतंकवादियों और ड्रग माफिया समेत आर्थिक अपराधियों से खतरा है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि सरकार के साथ सहयोग करें। कुछ दिन की परेशानी बर्दाश्त करने के बाद देश की अर्थव्यवस्था में सुधार होगा।