{"_id":"634f3e43634374591e129c96","slug":"axis-bank-loan-is-expensive-and-sbi-increased-the-deposit-rate-read-big-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"Big News: एक्सिस बैंक का कर्ज महंगा तो एसबीआई ने बढ़ाई जमा दर, रूस ने अमेजन पर लगाया जुर्माना, पढ़ें खास खबरें","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Big News: एक्सिस बैंक का कर्ज महंगा तो एसबीआई ने बढ़ाई जमा दर, रूस ने अमेजन पर लगाया जुर्माना, पढ़ें खास खबरें
Wed, 19 Oct 2022 05:31 AM IST
Jeet Kumar
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली।
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली।
Published by: Jeet Kumar
Updated Wed, 19 Oct 2022 05:31 AM IST
सार
आईसीआईसीई बैंक ने 2 करोड़ से कम की एफडी पर 0.20% ज्यादा ब्याज देने की घोषणा की है। वहीं रूस ने अमेरिकी ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन पर मंगलवार को दो अलग मामलों में 53.4 लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
विज्ञापन
एक्सिस बैंक
- फोटो : social media
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एक्सिस बैंक ने कर्ज 0.25 फीसदी महंगा कर दिया है। इससे एक साल का लोन अब 8.45 फीसदी पर मिलेगा, जबकि तीन साल का लोन 8.50% पर मिलेगा। नई दर 18 अक्तूबर से लागू है। वहीं, एसबीआई ने बचत खाते पर 10 करोड़ रुपये या इससे अधिक के जमा पर 0.30 फीसदी ब्याज बढ़ा दिया है। इससे कम जमा पर 2.70 फीसदी का ब्याज मिलेगा। आईसीआईसीई बैंक ने 2 करोड़ से कम की एफडी पर 0.20% ज्यादा ब्याज देने की घोषणा की है।
विज्ञापन
रूस ने लगाया अमेजन पर जुर्माना
रूस ने अमेरिकी ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन पर मंगलवार को दो अलग मामलों में 53.4 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। यहां की एक अदालत ने कहा, कंपनी अपने प्लेटफॉर्म पर मादक पदार्थों के उपयोग व आत्महत्या को उकसाने वाली सामग्री पर रोक लगाने में विफल रही। रूसी कानूनों के तहत ये दोनों गैर-कानूनी है।
विज्ञापन
रूस ने हाल ही में सोशल मीडिया कंपनी मेटा को आतंकी संगठन घोषित किया था। वहीं, गूगल व एपल पर भी जुर्माने लगाए गए हैं। किसी ई-कॉमर्स कंपनी पर यह पहली कार्रवाई है।
विज्ञापन
भारत की पेंशन प्रणाली की वैश्विक रैंकिग में सुधार
भारत की सेवानिवृत्ति पेंशन प्रणाली में वर्ष 2021 से मामूली सुधार हुआ है। इस मामले में 44 देशों की सूची में वह 41वें स्थान पर है। एक सर्वेक्षण के अनुसार, 44 देशों की सेवानिवृत्ति आय प्रणालियों का विश्लेषण किया गया। भारत की प्रणाली 41वें स्थान पर है। भारत का समग्र सूचकांक मूल्य 44.4 था, जो 2021 में 43.3 था।
आईएसए : जलवायु परिवर्तन रोकने को दिल्ली में जुटे 109 देशों के प्रतिनिधि
अर्थव्यवस्था में कार्बन के इस्तेमाल को कम करने और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बीते सोमवार से शुरू हुई अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन (आईएसए) की पांचवीं बैठक नई दिल्ली में जारी है। भारत की अध्यक्षता में आयोजित हो रही इस 4 दिवसीय बैठक में 109 देशों के प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
इसको लेकर आईएसए के महानिदेशक अजय माथुर ने कहा, हम विकास कार्यों को बाधित किए बिना जलवायु परिवर्तन को रोकने के उपाय तलाश रहे हैं। इसके लिए हम राष्ट्रों को अपनी विकास परियोजनाओं में सौर ऊर्जा के साधनों को शामिल करने और इस क्षेत्र में निवेश बढ़ाने के लिए राजी करने के प्रयास कर रहे हैं।
आईएसए जलवायु परिवर्तन को नियंत्रित करने के लिए जरूरी सौर ऊर्जा के साधनों को अपनाने की दिशा में अन्य राष्ट्रों को संगठित करने का भारत और फ्रांस का संयुक्त प्रयास है।
कॉरपोरेट धोखाधड़ी जांच में जुटे पत्रकार को सुरक्षा देने के निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को गौतमबुद्धनगर (उत्तर प्रदेश) के पुलिस आयुक्त को निर्देश दिया है कि कॉरपोरेट धोखाधड़ी की जांच करने वाले पत्रकार को उपयुक्त और प्रभावी सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। पत्रकार के दावे के मुताबिक उसका पीछा किया जा रहा है और हमला भी किया गया है।
शीर्ष अदालत के 12 अक्तूबर के आदेश के बावजूद पत्रकार को सुरक्षा मुहैया न कराने पर चीफ जस्टिस यूयू ललित की अध्यक्षता वाली पीठ ने इस संबंध में आदेश पारित किया।
शीर्ष अदालत के समक्ष 12 अक्तूबर को एक कंपनी की याचिका पर सुनवाई के दौरान यह मुद्दा उठा था। कंपनी पर कथित तौर पर 27 बैंकों से कर्ज लेने और पैसे की हेराफेरी का आरोप है।
स्थानीय सहकारी समितियों पर लागू नहीं होता 97वां संविधान संशोधन
सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कहा कि संविधान (97वां संशोधन) अधिनियम, 2011 स्थानीय सहकारी समितियों पर लागू नहीं होगा, बल्कि यह बहु-राज्य सहकारी समितियों और केंद्र शासित प्रदेशों की समितियों पर ही लागू होगा। सहकारी समितियों के प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए संविधान के 97वें संशोधन के तहत इन्हें सांविधानिक दर्जा दिया गया था।
शीर्ष अदालत ने कहा कि सहयोग का बुनियादी सिद्धांत है कि लोग सदस्य के रूप में जुड़ते हैं न कि पूंजीपति के रूप में। सहकारी समितियां इसी पर आधारित संगठन है। चीफ जस्टिस यूयू ललित, जस्टिस एस रवींद्र भट और जस्टिस जेबी पारदीवाला की पीठ ने कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली बंगाल सचिवालय सहकारी भूमि मॉर्गेज बैंक और हाउसिंग सोसाइटी लिमिटेड की याचिका को अनुमति देते हुए इस मामले में टिप्पणी की।
केरल के सबरीमाला मंदिर को मिले नए मुख्य पुजारी
केरल के प्रसिद्ध भगवान अयप्पा मंदिर में के जयरामन नंबूथिरी को मंगलवार को नया ‘मेलसंथी’ (मुख्य पुजारी) नियुक्त किया गया। उनका कार्यकाल एक साल का होगा, जो 16 नवंबर से शुरू होगा। सबरीमाला के निकटवर्ती मलिकाप्पुरम देवी मंदिर के मुख्य पुजारी के तौर पर हरिहरन नंबूथिरी को नियुक्त किया गया है। दोनों मुख्य पुजारियों का चुनाव ड्रॉ के माध्यम से किया गया। कन्नूर के रहने वाले जयरामन नंबूथिरी ने कहा कि उनका चयन एक सपने के साकार होने के समान है।
पोलैंड की कंपनी को खरीद सकती है पारले
बिस्किट कंपनी पारले पोलैंड की पीयर डा गेरार्ड को खरीदने की योजना बना रही है। इसे वह प्राइवेट इक्विटी ब्रिजप्वाइंट से खरीदेगी। गेरार्ड का मूल्यांकन 10-12 अरब रुपये है। 1993 में स्थापित गेरार्ड 200 प्रकार के बिस्किट बनाती है। नमकीन वाले स्नैक्स भी बनाती है।
कैनरा बैंक के पांच डीबीयू का उद्घाटन
कैनरा बैंक ने 5 राज्यों में 5 डिजिटल बैंकिंग यूनिट (डीबीयू) का उद्घाटन किया। ये यूनिट बंगलूरू, अर्नाकुलम, रायचूर, विरुधुनगर और लक्षद्वीप में हैं। इस अवसर पर बैंक के एमडी एवं सीईओ एलवी प्रभाकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
अदाणी कौशल विकास केंद्र को स्टीवी सम्मान
अदाणी कौशल विकास केंद्र को लंदन में ऑर्गनाइजेशन ऑफ द ईयर-नॉट प्रॉफिट के लिए स्टीवी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 35 जजों के पैनल ने विजेता चुना। फाउंडेशन ने देशभर में 55 कारोबारी पाठ्यक्रम शुरू किया है।
अपोलो 9 मिशन के कमांडर जेम्स मैकडिविट का निधन
चंद्रमा के अपोलो 9 मिशन की कमान संभालने वाले जेम्स ए मैकडिविट का निधन हो गया। वह 93 वर्ष के थे। मैकडिविट 1965 के जेमिनी 4 मिशन के कमांडर भी थे, जहां उनके सबसे अच्छे दोस्त और सहयोगी एड व्हाइट ने पहला यूएस स्पेसवॉक बनाया था। स्पेसवॉक के दौरान व्हाइट ने उनकी तस्वीरों की छवियां बनाई थी। नासा ने सोमवार को एक बयान में कहा कि मैकडिविट का बृहस्पतिवार को टक्सन एरिजोना में निधन हो गया।