DGCA: एअर इंडिया के गुरुग्राम बेस पर डीजीसीए ने शुरू किया ऑडिट, FDTL उल्लंघन के लिए कारण बताओ नोटिस भी भेजा
डीजीसीए ने एअर इंडिया के गुरुग्राम मुख्यालय में ऑपरेशन और शेड्यूलिंग सहित कई पहलुओं की जांच के लिए आठ सदस्यीय टीम के साथ गहन ऑडिट शुरू किया है। यह कदम 12 जून के अहमदाबाद विमान हादसे के बाद सुरक्षा सुधार के लिए उठाया गया है। साथ ही डीजीसीए ने एफडीटीएल उल्लंघन पर एअर इंडिया को कारण बताओ नोटिस भी भेजा है।
विस्तार
डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने सोमवार को एअर इंडिया के मुख्य बेस गुरुग्राम में गहन ऑडिट शुरू कर दिया है। इस ऑडिट में एयरलाइन के ऑपरेशन, फ्लाइट शेड्यूलिंग, रॉस्टरिंग और अन्य कई महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच की जाएगी। बता दें कि डीजीसीए की तरफ से उठाया गया ये कदम अहमदाबाद में 12 जून को हुए भीषण विमान हादसे के बाद उठाया गया है। ये हादसा एअर इंडिया की लंदन जा रही बोइंग 787-आठ ड्रीमलाइनर फ्लाइट के साथ हुआ, जो कि अहमदाबाद से उड़ान भरने के बाद क्रैश हो गई, जिसके चलते कुल 270 लोगों की जान चली गई।
डीजीसीए की आठ सदस्यीय टीम ने शुरू किया ऑडिट
मामले में डीजीसीए की आठ सदस्यीय टीम ने यह वार्षिक ऑडिट शुरू की है, जबकि सामान्यतः यह काम तीन सदस्य करते हैं। ऑडिट में ऑपरेशन्स, फ्लाइट प्लानिंग, शेड्यूलिंग, रॉस्टरिंग और एकीकृत परिचालन नियंत्रण केंद्र (आईओसीसी) जैसे सभी महत्वपूर्ण हिस्सों की जांच होगी।
ये भी पढ़ें:- Operation Sindoor: राजनाथ सिंह बोले- ऑपरेशन सिंदूर ने सभी लक्ष्य पूरे किए, आतंकियों के मन में खौफ भरने में सफल
डीजीसीए ने एअर इंडिया को भेजा कारण बताओ नोटिस
इसके साथ ही डीजीसीए ने एअर इंडिया को फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (एफडीटीएल) उल्लंघन के लिए कारण बताओ नोटिस भी भेजा है। साथ ही तीन वरिष्ठ अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से हटाने का आदेश दिया है। इतना ही नहीं जांच के लिए डीजीसीए ने एक नया फ्रेमवर्क भी बनाया है, जिसके तहत विशेष ऑडिट किए जाएंगे ताकि पूरे विमानन क्षेत्र की अच्छी और कमजोर दोनों बातों की पूरी जानकारी मिल सके। ये विशेष ऑडिट वार्षिक निगरानी कार्यक्रम के अलावा होंगे।
ये भी पढ़ें:- Air Incidents: विमान हादसे के बाद हवाई सेवा पर DGCA सख्त, उड़ान संचालन को लेकर दिशा-निर्देशों में किया संशोधन
एअर इंडिया के कुछ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई
गौरतलब है कि डीजीसीए की ओर से यह ऑडिट ऐसे समय में हो रही है, जब डीजीसीए ने एअर इंडिया के कुछ अधिकारियों के खिलाफ कई सुरक्षा चूक के मामलों में कार्रवाई भी की है। 21 जून को डीजीसीए ने एअर इंडिया के फ्लाइट ऑपरेशन्स इंस्पेक्टर्स से 2024 से लेकर अब तक की निरीक्षण रिपोर्ट और ऑडिट की जानकारी मांगी है।