नियंत्रण रेखा के नजदीक नहीं, खैबर के बालाकोट में हुआ हमला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीबीसी को जानकारी मिली है कि भारतीय वायु सेना ने जैश-ए-मोहम्मद के जिस कैंप को निशाना बनाया वो खैबर-पख्तूनख्वाह प्रांत में है न कि नियंत्रण रेखा के नजदीक। आधिकारिक सूत्रों ने बीबीसी को बताया है कि लड़ाकू मिराज 2000 विमानों ने खैबर पख्तूनख्वाह प्रांत में जंगल में बने जैश-ए-मोहम्मद के ट्रेनिंग कैंप पर हमला किया है।
पहले इस बात को लेकर भ्रम था कि हमला पुंछ के नजदीक बालाकोट नाम की जगह पर हुआ है या फिर खैबर पख्तूनख्वाह प्रांत में हुआ है। अब आधिकारिक सूत्रों ने बीबीसी संवाददाता जुबैर अहमद को बताया है कि जिस बालाकोट पर हमला किया गया है वह पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के आगे खैबर पख्तूनख्वाह प्रांत का हिस्सा है जो मानशेरा जिले में है।
हालांकि भारत ने आधिकारिक तौर पर यह साफ नहीं किया है कि मिराज विमानों ने किस बालाकोट को निशाना बनाया है। भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, इस कार्रवाई में बहुत बड़ी संख्या में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी, ट्रेनर, सीनियर कमांडर और जिहादियों के समूह मारे गए हैं, ये लोग भारत पर फिदायीन हमले करने की तैयारी कर रहे थे। बालाकोट का ठिकाना मौलाना यूसुफ अजहर चला रहा था जिसे उस्ताद गौरी के नाम से भी जाना जाता था, वह मसूद अजहर का साला है।
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता ने सुबह 09:59 बजे ट्वीट करके कहा था कि भारतीय लड़ाकू विमानों ने नियंत्रण रेखा के पार मुजफ्फराबाद सेक्टर में हमले किए हैं। इसके बाद से अब तक पाकिस्तान ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है।
जहां बम गिराए उस जगह का नाम है जाबा टॉप
पाकिस्तान में बीबीसी के संवाददाता इलियास खान ने बताया है कि बालाकोट मानशेरा जिले का हिस्सा है। भारतीय विमानों ने जिस जगह बम गिराए हैं उसका नाम जाबा टॉप है, जो एक पहाड़ी चोटी है। हिजबुल मुजाहिदीन जाबा में ट्रेनिंग कैंप चलाता रहा है।
पाकिस्तान ने इस इलाके की फौरन घेराबंदी कर दी है, जाबा, गढ़ी हबीबुल्लाह और बालाकोट इलाकों के लोगों ने बीबीसी उर्दू के पत्रकार जूबैर खान को बताया कि सुबह के तीन से चार बजे के बीच उन्होंने जोरदार धमाकों की आवाजे सुनीं। मारे जाने वाले लोगों की तादाद के बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
बालाकोट के आसपास के पुलिस अधिकारियों ने अपना नाम न छापने की शर्त पर कहा कि उन्होंने धमाके की जगह पर जाने की कोशिश की लेकिन सुरक्षा बलों ने उस इलाके को अपनी निगरानी में ले लिया है।