अष्टगुरु नीलामी: टैगोर की चिट्ठियां होगी नीलाम, गांधी-टेरेसा पर हुसैन की पेंटिंग पर भी रहेगी नजर; जानें सबकुछ
26-27 जून को होने वाली ‘कलेक्टर्स च्वाइस’ ऑनलाइन नीलामी में कई कलाकृतियां शामिल होंगी। विशेष रूप से इस नीलामी में आकर्षण का केंद्र रवींद्रनाथ टैगोर की 35 हस्तलिखित चिट्ठियां और एमएफ हुसैन की गांधी-मदर टेरेसा वाली अनोखी पेंटिंग होगी। जानकारी के मुताबिक, टैगोर की चिट्ठियां 5-7 करोड़ और पेंटिंग 2-3 करोड़ में बिकने की उम्मीद है।
विस्तार
भारत की कला और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी कई दुर्लभ, ऐतिहासिक चीजें और कलात्मक धरोहरें 26-27 जून को आयोजित होने जा रही ऑनलाइन नीलामी 'कलेक्टर्स च्वाइस' में लोगों के सामने पेश की जाएंगी। यह नीलामी प्रतिष्ठित नीलामी संस्था अष्टगुरु के तरफ से की जा रही है। नीलामी में सबसे अहम आकर्षण रवींद्रनाथ टैगोर और समाजशास्त्री धुरजटि प्रसाद मुजुमदार के बीच हुए पत्राचार की 35 हस्तलिखित चिट्ठियां और 14 लिफाफे होंगे। इन चिट्ठियों में टैगोर की रचनात्मक यात्रा को दर्शाया गया है, जिसमें वे एक कवि और सार्वजनिक व्यक्तित्व से एक कलाकार और निजी साधक के रूप में सामने आते हैं। इनकी अनुमानित कीमत 5 से 7 करोड़ रुपये है।
एम एफ हुसैन की गांधी-मदर टेरेसा वाली बड़ी पेंटिंग भी शामिल
वहीं इस नीलामी का दूसरा सबसे बड़ा ध्यान केंद्रित करने का विषय प्रसिद्ध चित्रकार एम एफ हुसैन की पेंटिग भी है। इस निलामी में हुसैन की एक बड़ी पेंटिंग भी पेश की जाएगी, जिसमें मदर टेरेसा और महात्मा गांधी को बिना चेहरे के, उनके कपड़ों और हाव-भाव के जरिए दिखाया गया है। इस पेंटिंग में चक्र और दीपक जैसे भारतीय प्रतीकों का भी उपयोग किया गया है। इसकी अनुमानित कीमत 2 से 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें:- Train fare: अगले महीने से महंगा हो सकता है ट्रेन का सफर, एक जुलाई से बढ़ सकता है किराया; जानें नई दरें
हुसैन की दूसरी कलाकृतियां भी होंगी शामिल
इसके साथ ही इस नीलामी में हुसैन की और भी कई कलाकृतियां शामिल होंगी। जैसे कि वॉटरकलर, जिसकी अनुमानित कीमत ₹10-15 लाख है। वहीं बिना शीर्षक तेल चित्र, जिसकी अनुमानित कीमत ₹60-80 लाख है।गजगामिनी (ऐक्रेलिक ऑन वुडकट), जिसकी अनुमानित कीमत ₹15-20 लाख है।
रामायण पर आधारित रामचंद्रन की पेंटिंग भी खास
इसके अलावा कलाकार ए रामचंद्रन की पेंटिंग विजन्स ऑफ रामदेव अहल्या इन रेड भी इस नीलामी का हिस्सा है। यह चित्र रामायण की अहल्या कथा पर आधारित है और उसमें जागृति का पल दिखाया गया है। यह 2001 में बनी पेंटिंग है और इसकी अनुमानित कीमत 1.2 से 1.6 करोड़ रुपये है।
ये भी पढ़ें:- Iran-Israel Conflict: 'ईरान पर इस्राइल का हमला 'अवैध आक्रमण' है', पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने की आलोचना
अन्य भी कलाकृतियां होंगी शामिल
इस नीलामी में और भी कई प्रसिद्ध भारतीय कलाकारों की कलाकृतियां शामिल होंगी। जैसे कि जेपी गांगुली की 1930 की प्रकृति चित्रकारी, जिसकी कीमस ₹1-1.5 करोड़ है। कृष्ण खन्ना की बैंडवाला सीरीज की पेंटिंग, जिसकी कीमस ₹40-60 लाख है। नंदलाल बोस की पेंटिंग (राष्ट्रीय कला धरोहर), जिसकी कीमत ₹25-35 लाख है। इसके साथ ही, एस एल हल्डणकर, गणेश हलोई और सदनंद बकरे की कलाकृतियां भी नीलामी में रखी जाएंगी।