{"_id":"659ee38ab2d0f771350d1b33","slug":"andhra-pradesh-polls-mp-kesineni-srinivas-resigns-from-tdp-parliament-meets-ysrcp-chief-jagan-mohan-reddy-2024-01-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"Andhra Pradesh: चुनाव से पहले टीडीपी को झटका, सांसद केसिनेनी श्रीनिवास ने दिया इस्तीफा, सीएम जगन से की मुलाकात","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Andhra Pradesh: चुनाव से पहले टीडीपी को झटका, सांसद केसिनेनी श्रीनिवास ने दिया इस्तीफा, सीएम जगन से की मुलाकात
Thu, 11 Jan 2024 12:06 AM IST
गुलाम अहमद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, विजयवाड़ा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, विजयवाड़ा
Published by: गुलाम अहमद
Updated Thu, 11 Jan 2024 12:06 AM IST
सार
लोकसभा सांसद केसिनेनी श्रीनिवास (नानी) ने बुधवार को टीडीपी और संसद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। श्रीनिवास ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
विज्ञापन
Kesineni Srinivas Meets CM Jagan Mohan Reddy
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
आंध्र प्रदेश में विधानसभा और लोकसभा चुनाव से पहले तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) को बड़ा झटका लगा है। लोकसभा सांसद केसिनेनी श्रीनिवास नानी ने बुधवार को पार्टी और संसद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। श्रीनिवास ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को अपना इस्तीफा भेज दिया है। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, मैंने विजयवाड़ा संसदीय क्षेत्र से अपनी सदस्यता से इस्तीफा स्पीकर को ईमेल के जरिये सौंप दिया है। मैंने उनसे तत्काल प्रभाव से इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया है।
विज्ञापन
टीडीपी से इस्तीफा देने के बाद श्रीनिवास ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी से मुलाकात की और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष जगनमोहन रेड्डी के साथ मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए श्रीनिवास ने कहा कि मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के साथ सार्थक शिष्टाचार मुलाकात हुई। आंध्र प्रदेश की प्रगति और विकास से संबंधित महत्वपूर्ण मामलों पर चर्चा हुई। प्रदेश के बेहतर भविष्य के लिए हमारे साझा दृष्टिकोण के लिए उनके समय और प्रतिबद्धता के लिए आभारी हूं।
विज्ञापन
पार्टी से नाता तोड़ना ही मेरे हित में...
इससे पहले टीडीपी अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू को लिखे अपने इस्तीफे में नानी ने कहा, मैं तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा दे रहा हूं, जो तुरंत प्रभावी होगा। मैंने सावधानीपूर्वक विचार करने के बाद फैसला किया है कि पार्टी से नाता तोड़ना ही मेरे हित में है। केसिनेनी ने कहा, मैंने नौ साल तक चंद्रबाबू के नेतृत्व में विश्वास किया, लेकिन अब यह स्पष्ट है कि वह एक धोखेबाज हैं। चंद्रबाबू ने मेरे परिवार में उथल-पुथल पैदा कर दी है। अब मेरे अलग होने का समय आ गया है।
विज्ञापन
आगामी लोकसभा चुनावों के साथ आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी होने हैं। सीएम जगन मोहन रेड्डी की नजर लगातार दूसरी बार राज्य की सत्ता पर काबिज होने की है। वहीं, टीडीपी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू भी सत्ता में वापसी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वह अपनी जनसभाओं में सीएम जगन पर लगातार हमले बोले रहे हैं।