रद्द हुआ एएमयू छात्रसंघ चुनाव, कैंपस में फोर्स तैनात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन एवं असामाजिक तत्वों की सक्रियता को देखते हुए अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की एग्जीक्यूटिव काउंसिल (ईसी) ने छात्र संघ चुनाव को रद्द कर दिया है। वीमेंस कॉलेज छात्र संघ एवं एएमयू कोर्ट में छात्रों के प्रतिनिधित्व के लिए हो रहे चुनाव को भी रद्द किया गया है। चुनाव 26 सितंबर को होने थे।
चुनाव रद्द करने के फैसले के बाद कैंपस में तनाव का माहौल है। छात्रों ने प्रशासनिक भवन और बाब-ए-सैयद बंद कर विरोध-प्रदर्शन किया। तनाव को देखते हुए कैंपस में आरएएफ और आरआरएफ तैनात कर दिया गया था। इसके बाद छात्र वीसी लॉज पर पहुंच गए और देर रात तक वहां जमे हुए थे। इधर रात में कैंपस से आरएएफ को हटाकर स्वाट और क्यूआरटी फोर्स को तैनात कर दिया गया था।
बुधवार को एएमयू कुलपति जमीरउद्दीन शाह ने ईसी के स्थानीय सदस्यों की आपातकालीन विशेष बैठक बुला ली। लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों के अनुसार हो रहे चुनाव में आचार संहिता का घोर उल्लंघन, निष्कासित छात्रों एवं असामाजिक तत्वों की सक्रियता के आधार पर चुनाव रद्द करने का निर्णय लिया गया। ईसी की बैठक में यह बात भी सामने आई कि छात्र नेताओं ने कुछ डीन, प्रोवोस्ट एवं कर्मचारियों पर हाजिरी बढ़ाने एवं अन्य कार्यों के लिए दबाव बनाए और उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
चुनाव रद्द करने के फैसले से यूनिवर्सिटी में तनाव का माहौल
इनमें से कुछ डीन को ईसी में बुलाया गया था। इसकी भी शिकायत सामने आई कि छात्र नेता दर्जनों युवकों के साथ बाइक से वीमेंस कॉलेज, आवासीय हॉलों एवं कक्षाओं में जाकर अशांति एवं आतंक का माहौल उत्पन्न कर रहे हैं। रसायन विभाग के कश्मीरी छात्र मुदस्सिर यूसुफ द्वारा राष्ट्र विरोधी टिप्पणी किए जाने की ईसी सदस्यों ने निंदा की और उसके निष्कासन पर मोहर लगा दी।
उड़ी में शहीद हुए 17 जवानों पर कश्मीरी छात्र ने पिछले दिनों फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। बाद में कुलपति ने सभी संकायों के डीन, कॉलेजों के प्राचार्य, प्रोवोस्ट, प्रॉक्टर, डीएसडब्लू टीम के साथ बैठक कर अशांति से निपटने के लिए सावधान कर दिया। प्रोवोस्ट एवं वार्डन को हॉल में मौजूद रहने का निर्देश दिया गया और किसी भी बाहरी तत्वों को प्रवेश न देने के साथ यूनिवर्सिटी के चारों तरफ विशेष चौकसी बरतने का निर्देश दिया है।
उन्होंने कहा कि अनुशासनहीनता एवं अराजकता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इधर छात्र संघ चुनाव रद्द करने के फैसले से यूनिवर्सिटी में तनाव का माहौल है। चुनाव में कूदे नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ प्रशासनिक भवन का घेराव कर विरोध दर्ज किया। कोशिश के बावजूद उनकी मुलाकात वीसी से नहीं हो सकी। बाद में छात्र बाब-ए-सैयद बंद कर जमे हुए हैं। कैंपस में आरएएफ एवं आरआरएफ तैनात कर दिया गया है।