पीएम मोदी ने सही कहा, गांधी परिवार की प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है कांग्रेस पार्टी : अमित शाह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कांग्रेस पार्टी पर किए गए हमले को अमित शाह का पूरा साथ मिला है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का कहना बिल्कुल सही है कि कांग्रेस पार्टी में केवल उसी की इज्जत होती है जो गांधी परिवार का होता है। इस परिवार के बाहर का कोई व्यक्ति कांग्रेस पार्टी के किसी भी पद पर पहुंच जाए, उसकी कोई कद्र नहीं होती।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को मीडिया में जारी किए गए अपने एक लिखित वक्तव्य में यह बात कही। उन्होंने कहा कि आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस के इस व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं तब सिर्फ एक परिवार के लिए समर्पित रहने वाले कुछ लोगों को दर्द हो रहा है।
'कांग्रेस में नहीं आंतरिक लोकतंत्र'
पीएम मोदी के इस बयान पर कि गांधी परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति कांग्रेस का अध्यक्ष नहीं बन सकता, चिदंबरम ने 16 ऐसे अध्यक्षों की लिस्ट जारी की थी जो गांधी परिवार से नहीं थे। लेकिन अब चिदंबरम के हमले का जवाब देते हुए अमित शाह ने कहा है कि पूरा देश जानता है कि कांग्रेस पार्टी ने पी वी नरसिंहा राव के साथ क्या व्यवहार किया था और सीताराम केसरी के साथ किस तरह की अभद्रता कांग्रेस के ही लोगों ने की थी।
शाह ने कहा कि भाजपा में अगला अध्यक्ष कौन होगा इसे आज की तारीख में कोई नहीं बता सकता लेकिन सोनिया गांधी के बाद कांग्रेस का अगला अध्यक्ष कौन होगा, यह सारे लोग जानते थे। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र नहीं है वह एक लोकतांत्रिक देश को कुछ भी नहीं दे सकता।
'भाजपा देश की एकमात्र लोकतांत्रिक पार्टी'
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश की 1650 राजनीतिक पार्टियों में केवल भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां पूरी तरह से लोकतंत्र है और यहां किसी बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी पार्टी अध्यक्ष बनने का सपना देख सकता है।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह आज मध्यप्रदेश के सिंगरौली और उमरिया में जनसभा को संबोधित करते हुए भी कांग्रेस पर हमलावर रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने घोटालों को दबाने के लिए दूसरों पर कीचड़ उछालना चाह रही है, लेकिन उसकी यह करतूत सफल नहीं होगी। आज उन्होंने सतना में एक रोड शो में भी भाग लिया।