फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Ambulift installed at 20 airports for disabled, 115 children missing in Odishas Ganjam were rescued, read news in hindi

News : दिव्यांगों की सुविधा के लिए 20 हवाईअड्डों पर लगी एंबुलिफ्ट, ओडिशा के गंजाम में लापता 115 बच्चों को बचाया गया, पढ़ें देश-दुनिया की खास खबरें

Wed, 06 Jul 2022 07:16 AM IST
योगेश साहू अमर उजाला ब्यूरो/एजेंसी, नई दिल्ली।
अमर उजाला ब्यूरो/एजेंसी, नई दिल्ली। Published by: योगेश साहू Updated Wed, 06 Jul 2022 07:16 AM IST
विज्ञापन
Ambulift installed at 20 airports for disabled, 115 children missing in Odishas Ganjam were rescued, read news in hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर। - फोटो : i stock

केंद्र के सुगम्य भारत अभियान के तहत 20 हवाईअड्डों पर दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए ‘एंबुलिफ्ट’ लगाई गई है। दिव्यांग मामलों के विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन हवाई अड्डों में विजयवाड़ा, कानपुर, पोर्ट ब्लेयर, जोधपुर, बेलगाम, सिलचर, झारसुगुडा, राजकोट और हुबली शामिल हैं। उन्होंने बताया कि भारत के 35 अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों और 69 घरेलू हवाईअड्डों में से 55 अब दिव्यांगजन सुलभ सुविधाओं से सुसज्जित हैं।

विज्ञापन


115 बच्चों को बचाया गया
ओडिशा के गंजाम जिले से लापता बच्चों में कम से कम 115 का जनवरी से अभी तक पता लगाया है।  पुलिस अधीक्षक बृजेश राय ने बताया कि एक विशेष अभियान के तहत आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, गुजरात, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल से 23 लड़कियों को बचाया गया।
विज्ञापन


कर्नाटक : वास्तु विशेषज्ञ चंद्रशेखर की होटल में छुरा घोंपकर हत्या
कर्नाटक में हुबली के एक होटल में मंगलवार को स्वयंभू वास्तु विशेषज्ञ चंद्रशेखर गुरुजी की छुरा घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में दिख रहा है कि होटल के रिसेप्शन क्षेत्र में दो लोग गुरुजी को कई बार छुरा घोंप रहे हैं। जिला पुलिस के मुताबिक घटना के दो घंटे के भीतर दो लोगों मंजूनाथ मारेवाड़ और महांतेश सिरुर को हिरासत में लिया गया। दोनों इस हत्या में लिप्त बताए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


हैदराबाद में पकड़ा गया राजस्थान के ढोंगी बाबाओं का अंतरराज्यीय गिरोह
राजस्थान के ‘ढोंगी बाबाओं’ का एक अंतरराज्यीय गिरोह हैदराबाद में पकड़ा गया। राचकोंडा के पुलिस आयुक्त महेश एम भागवत ने बताया, सिरोही जिले के चार ‘ढोंगी बाबाओं’ और तीन हवाला संचालकों को एक व्यापारी से 37.71 लाख ठगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। ये सर्पदोष, नागदोष आदि से डराकर लोगों को गुमराह करते थे और रुपये ठगते थे।


25 साल पुराने मामले में सीबीआई ने दर्ज किया केस
सीबीआई ने लक्षद्वीप के दो नेताओं के परिजनों के खिलाफ 25 साल पुराने ऋण चूक मामले में केस दर्ज किया है। दोनों ने मिलकर सरकार को करीब 1.21 करोड़ रुपये का चूना लगाया है। सीबीआई ने बताया कि 1997 में लक्षद्वीप खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड (एलकेवीआईबी) से स्थानीय नेता एपी अबुसला की बेटी कमरभानु थोटोली किल्टन और दिवंगत नेता बाशा के बेटे टीके अहमद हाजी थोटलाठाकरा को लघु उद्योग की स्थापना के लिए ऋण दिया गया, जिसे दोनों ने जानबूझकर नहीं चुकाया।

कॉफी डे 470 करोड़ के भुगतान में विफल
कॉफी डे ने कहा है कि वह जून तिमाही में बैंकों और वित्तीय संस्थानों के 470.18 करोड़ का भुगतान करने में विफल रही है। इसमें मूलधन और ब्याज शामिल हैं। कंपनी पर कुल 495 करोड़ रुपये का कर्ज है। 20 जून को इसने कहा था कि वह 215 करोड़ का बकाया चुकाने में विफल रही थी।

जी-20 बैठक के लिए इंडोनेशिया जाएंगे जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर बृहस्पतिवार को दो दिवसीय जी-20 सम्मेलन के लिए इंडोनेशिया रवाना होंगे। मंत्रालय के अनुसार, 7-8 जुलाई तक बाली में होने वाली विदेश मंत्रियों की इस बैठक में समसामयिक मुद्दों पर चर्चा होगी, जिसमें खाद्य-ऊर्जा सुरक्षा समेत वर्तमान वैश्विक चुनौतियां व बहुस्तरीय व्यवस्था को मजबूत बनाना शामिल है। अपनी यात्रा के दौरान जयशंकर जी-20 समूह के सदस्य देशों व बैठक में आमंत्रित अन्य देशों के समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। बता दें, इस सम्मेलन का आयोजन इंडोनेशिया की अध्यक्षता में हो रहा है, जिसे भारत अपना मजबूत समर्थन दे रहा है।

पचास पार की महिला और ट्रांसजेंडर कैदियों की होगी रिहाई
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत सरकार 50 साल से अधिक आयु की महिला व ट्रांसजेंडर दोषियों की सजा को अच्छे आचरण के आधार पर चरणबद्ध तरीके से कम करने की योजना बना रही है। सरकार 60 वर्ष से अधिक आयु के उन पुरुष कैदियों और दिव्यांग बंदियों को भी इस योजना का लाभ देगी, जिन्होंने अपनी आधी से अधिक सजा पूरी कर ली है। गृह मंत्रालय ने बताया, योजना उन कैदियों पर लागू नहीं होगी, जिन्हें मौत या आजीवन कारावास की सजा दी गई है या जिन पर बलात्कार, आतंकवाद, दहेज हत्या और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप हैं।

डिज्नी पात्रों के उपयोग पर कॉपीराइट उल्लंघन का तीन पर मुकदमा दर्ज
भिवंडी में दो व्यक्तियों और एक कंपनी के खिलाफ जन्मदिन की सामग्री में डिज्नी पात्रों का बिना अनुमति उपयोग करके कॉपीराइट अधिनियम का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया है। नारपोली पुलिस ने शिकायत पर नवी मुंबई निवासी देवांग पटेल (30), कामोठे निवासी सुरेश बरवाडिया (36) और भिवंडी स्थित बालाजी डेकोरेशन के मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस सिलसिले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन आरोपियों के गोदामों पर छापेमारी की गई।

भ्रष्टाचार में कार्रवाई : आईपीएस अमृत पॉल व आईएएस मंजूनाथ निलंबित
कर्नाटक में पुलिस सब इंस्पेक्टर (पीएसआई) भर्ती घोटाले में गिरफ्तारी के बाद आईपीएस अधिकारी अमृत पॉल को कर्नाटक सरकार ने निलंबित कर दिया। साथ ही रिश्वत के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) द्वारा गिरफ्तार किए गए आईएएस अधिकारी और बंगलूरू अर्बन के पूर्व उपायुक्त मंजूनाथ को भी निलंबित कर दिया। मंजूनाथ पर जमीन विवादों को हल करने के लिए अपने स्टाफ के माध्यम से रिश्वत लेने का आरोप है। पॉल को  सोमवार को गिरफ्तार किया गया था।

नौसेना में इस वर्ष 20 फीसदी महिला अग्निवीर
नौसेना में इस साल भर्ती होने वाले अग्निवीरों में से 20 फीसदी महिलाएं होंगी। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि नौसेना इस साल 3000 अग्निवीरों की भर्ती करने वाली है। भर्ती प्रक्रिया एक जुलाई से शुरू हो चुकी है। आवेदन 15 से 30 जुलाई तक किया जा सकेगा।

सिक्किम : नैरोबी मक्खियों ने 100 छात्रों को किया संक्रमित
कोरोना संक्रमण के साथ पूर्वोत्तर में अब नैरोबी मक्खियों का संक्रमण लोगों को परेशान कर रहा है। यहां मक्खियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इनकी वजह से 100 से भी ज्यादा इंजीनियरिंग छात्र बीमार पड़े। डॉक्टरों को एक छात्र के हाथ का ऑपरेशन तक करना पड़ गया। स्वास्थ्य विभाग ने बताया, पूर्वी अफ्रीका की मूल निवासी नैरोबी मक्खियां सिक्किम मणिपाल प्रौद्योगिकी संस्थान के मझीतर परिसर में तेजी से बढ़ रही हैं। इनमें पेडरिन नामक एक संक्षारक पदार्थ होता है जो त्वचा के संपर्क में आने पर जलन पैदा कर सकता है। इसके चलते नैरोबी मक्खी को ड्रैगन बग भी कहा जाता है।

कोरोना : देश के 191 जिले रेड-यलो जोन में
कोरोना की वजह से देश के 191 जिले रेड या फिर यलो जोन में पहुंच गए हैं। मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने संक्रमण को लेकर जिला वार रिपोर्ट जारी की है। इसके अनुसार बीते दो सप्ताह के दौरान देश में कोरोना प्रभावित जिलों की संख्या 87 से बढ़कर 191 तक पहुंच गई है।

191 में से 97 जिलों में संक्रमण 10 फीसदी से अधिक दर्ज किया है जबकि 94 जिलों में यह संक्रमण पांच से 10 फीसदी के बीच है। रिपोर्ट के अनुसार असम के 35 में से 24 जिलों में कोरोना का संक्रमण सबसे ज्यादा है। वहीं दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के छह छह जिलों में साप्ताहिक संक्रमण दर पांच फीसदी से अधिक है। दिल्ली से सटे आठ जिलों में संक्रमण सबसे ज्यादा है।

अब एक दिन में मिले 13 हजार मरीज
एक दिन में कोरोना के 13,086 नए मामले आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,35,31,650 हो गई। वहीं, 19 और मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,25,242 हो गई। उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,14,475 हो गई है।

पोप को चीन से बिशपों पर जल्द समझौते की उम्मीद
पोप फ्रांसिस ने उम्मीद जताई है कि चीन के साथ बिशपों पर समझौता जल्द ही नए सिरे से होगा। उन्होंने कहा कि रोमन कैथोलिक बिशपों की नियुक्ति पर चीन के साथ वेटिकन का गुप्त और विवादित समझौता आदर्श नहीं है लेकिन मुझे उम्मीद है कि अक्तूबर में इसे नवीनीकृत किया जा सकता है। पोप ने कहा कि चीन के साथ संबंधों में कई चर्च और अंतरराष्ट्रीय विषय भी शामिल थे। यह समझौता पहली बार 2018 में हुआ था और हर दो साल में इसका नवीनीकरण होता है। यह समझौता जो अभी अनंतिम है, बिशपों की नियुक्ति में सहयोग पर केंद्रित है और पोप को अंतिम फैसला लेना है। इसका विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया है। 

पाकिस्तान : आत्मघाती हमले में सेना के 8 लोग घायल
पाकिस्तान के अशांत उत्तरी वजीरिस्तान में एक आत्मघाती हमलावर के सैन्य काफिले में शामिल एक वाहन में बाइक से टक्कर मारने की घटना में 8 सैनिक घायल हो गए। यह घटना उस वक्त हुई, जब सेना का काफिला उत्तरी वजीरिस्तान के मीरान शाह की ओर जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, घायलों में से तीन सैनिकों की हालत नाजुक है। सभी घायलों को तुरंत बन्नू स्थित कंबाइन मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया। किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। 

नेपाल में सड़क दुर्घटना, 13 लोगों की मौत
नेपाल के बागमती प्रांत के रामेछाप में मंगलवार तड़के एक सड़क हादसे में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और 20 घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक रामेछाप के खंडदेवी ग्रामीण नगर पालिका-1 के लुभुघाट में बस सड़क से करीब 40 मीटर की दूरी पर गिर गई। जिले के पुलिस उपाधीक्षक राजकुमार थिंग ने बताया कि यह बस काठमांडो के रास्ते में थी। हादसे के बाद 4 लोगों को हेलिकॉप्टर से ले जाया गया। बचाए गए 24 लोगों को धुलीखेल व काठमांडो के अस्पतालों में भेजा गया है। बस में 40 लोग सवार थे।

संघ सभा ने कहा, दलाई लामा शांति के सार्वभौमिक प्रतीक
श्री संबुद्ध सासनोदय संघ सभा ने दलाई लामा के 87वें जन्मदिन से पहले उन्हें शांति का सार्वभौमिक प्रतीक बताया। तिब्बत में चीनी अधिकारियों द्वारा लगातार दमन के बीच बौद्ध समुदाय के लिए उनकी उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए आध्यात्मिक नेता की प्रशंसा की गई। दुनियाभर के तिब्बती 6 जुलाई को दलाई लामा का 87वां जन्मदिन मनाने के लिए तैयार हैं।

इस बीच वास्काड्वे महिंदावांसा ने तहा है कि दलाई लामा ने अहिंसा, विश्व शांति और करुणा की बौद्ध शिक्षाओं को जताने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि दलाई लामा ने चीन के अलोकतांत्रिक, धर्म और मानव विरोधी रवैये की वास्तविक प्रकृति तथा चीनी प्रशासन के तहत तिब्बतियों की अनकही पीड़ा को उजागर करने में सफलता पाई है। उन्होंने कहा, चीन ने हमेशा तिब्बती मामलों में दखल देते हुए उनकी संस्कृति नष्ट करने की कोशिश की है।

यूक्रेनी गणितज्ञ को प्रतिष्ठित फील्ड्स मेडल सम्मान
यूक्रेनी गणितज्ञ मैरीना वियाजोवस्का को मंगलवार को प्रतिष्ठित फील्ड्स मैडल के चार विजेताओं में से एक के रूप में नामित किया गया है। इस अवॉर्ड को गणित के नोबेल पुरस्कार के रूप में वर्णित किया जाता है। गणितज्ञों की अंतरराष्ट्रीय कांग्रेस ने कहा कि वियाजोवस्का, फेडरल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी लॉजेन में संख्या सिद्धांत में विभागाध्यक्ष हैं। उन्हें आठ आयामों में से समान क्षेत्रों की सघन पैकिंग पर उनके काम के लिए सम्मानित किया जा रहा है। अन्य विजेता जिनेवा विवि के फ्रांसीसी गणितज्ञ ह्यूगो डुमिनिल-कोपिन, प्रिंस्टन के कोरियाई-अमेरिकी जून हू और ऑक्सफोर्ड विवि के ब्रिटिश गणितज्ञ जेम्स मेनार्ड हैं।
 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed