अमर उजाला पोल : पीएम मोदी की फटकार के बाद भी गौरक्षा के नाम पर गुंडागर्दी नहीं होगी बंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऊना में दलितों की पिटाई और राजस्थान की गौशाला में सैकड़ों गायों की मौत के बाद शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टाउनटॉल मीटिंग में 'गाय के नाम पर हो रही सियासत' पर चुप्पी तोड़ी। उसके अगले दिन यानी रविवार को तेलंगाना में 10 हजार 6 सौ करोड़ रुपए की एनटीपीसी की विद्युत परियोजना की आधारशिला रखने गए प्रधानमंत्री मोदी ने तथाकथित गौरक्षकों पर जमकर हमला बोला। यही नहीं हैदराबाद में रैली के दौरान उन्होंने दलितों के प्रति हो रही हिंसा पर भी बोलते हुए कहा कि, 'गोली मारना है तो मुझे मारो, मेरे दलित भाइयों को नहीं।'
देश में अराजकता फैला रहे लोगों को प्रधानमंत्री पिछले काफी समय से फटकार लगा रहे हैं, लेकिन क्या पीएम मोदी की चेतवानी इन लोगों पर थोड़ा सा भी प्रभाव डालेगी? पीएम मोदी की इसी चेतवानी की पड़ताल करने के लिए अमर उजाला ने अपने ऑनलाइन पोल में एक प्रश्न पूछा- क्या पीएम मोदी की फटकार के बाद गौरक्षा के नाम पर हो रही गुंडागर्दी बंद हो जाएगी? इसके लिए तीन विकल्प दिए गए थे। पहला हां, दूसरा नहीं और तीसरा कह नहीं सकते।
ऑनलाइन पोल में 5,625 पाठकों ने वोट किया। जिसमें सबसे अधिक 53.37 फीसद यानी 2,998 पाठकों का मानना है कि पीएम मोदी की फटकार के बाद भी गौरक्षा के नाम पर हो रही गुंडागर्दी बंद नहीं होगी। वहीं 37.39 फीसद यानी 2,103 पाठकों का मानना है कि पीएम मोदी की फटकार से गुंडागर्दी बंद हो जाएगी और 9.31 फीसद यानी 524 पाठकों ने तीसरे विकल्प पर वोट किया। उनका मानना है कि अभी इस पर कुछ कह नहीं सकते।