महाराष्ट्र: कौन हैं हेमंत नागराले, जो संभालेंगे मुंबई पुलिस कमिश्नर का कार्यभार
महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह का तबादला कर दिया गया है। उनके स्थान पर हेमंत नागराले को मुंबई का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। आइए जानते हैं कौन हैं हेमंत नागराले...
मुंबई के नए पुलिस कमिश्नर 58 वर्षीय हेमंत नागराले 1987 बैच के आईपीएस अफसर हैं। हेमंत साल 2016 में नवी मुंबई के पुलिस आयुक्त भी रह चुके हैं। हालांकि नई तैनाती से पहले तक वह महानिदेशक (तकनीकी और कानूनी) के रूप में सेवा दे रहे थे। परमबीर सिंह के अचानक हुए तबादले को एंटीलिया मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रदेश के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने बताया कि परबीर सिंह को नई तैनाती देकर डीजी होमगार्ड बनाया गया है।
जनवरी में ही दिया गया था अतिरिक्त प्रभार
बीते जनवरी माह में ही वरिष्ठ आईपीएस ऑफिसर हेमंत नागराले को महाराष्ट्र के डीजीपी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था। दरअसल, राज्य के डीजीपी सुबोध कुमार जायसवाल को डीजी, सीआईएसएफ नियुक्त किए जाने के बाद से ये पद खाली था। इससे पहले नवंबर में ही सुबोध कुमार के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति को मंजूरी दे दी गई थी।
हेमंत नागराले की अंडर-17 फुटबॉल वर्ल्ड कप और पॉप गायक जस्टिन बीबर के कार्यक्रम के आयोजन में अच्छी कानून-व्यवस्था को लेकर उनकी काफी सराहना हुई थी। हेमंत नागराले ने वीएनआईटी नागपुर से इंजीनियरिंग की डिग्री ली है।
वह मास्टर ऑफ फाइनेंस मैनेजमेंट (जेबीआईएमएस, मुंबई) में पोस्ट ग्रेजुएट हैं। पुलिस में अपनी सेवा के दौरान उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक, विश्व सेवा पदक, आंतरित सुरक्षा पदक से भी नवाजा जा चुका है। नागराले जूडो में ब्लैक बेल्ट भी हैं।
नक्सल प्रभावित क्षेत्र में मिली थी पहली तैनाती
नागराले को पहली तैनाती के तहत नक्सल प्रभावित चंद्रपुर जिले के राजुरा में बतौर एएसपी कार्यभार (1989-92) मिला था। उन्होंने सीबीआई (मार्च 1998-सितंबर 2002) में भी अपनी सेवाएं दी हैं। सीबीआई में रहते हुए वह केतन पारेख घोटाला, माधोपुरा कोऑपरेटिव बैंक घोटाला (1800 करोड़) और हर्षद मेहता केस 2001 (400 करोड़) की जांच में भी शामिल रहे।
चर्चा में रहे हैं नागराले
हेमंत नागराले जब नवी मुंबई के पुलिस आयुक्त थे तब वाशी इलाके के बैंक ऑफ बड़ौदा में चोरी की बड़ी वारदात हुई थी। इस मामले में नागराले की टीम ने सिर्फ 2 दिनों के भीतर इस लूट का भंडाफोड़ किया था। हालांकि नवी मुंबई के पुलिस कमिश्नर रहते हुए साल 2018 में हेमंत नागराले का निलंबन भी किया गया था। विधान परिषद की मंजूरी न लेते हुए उन्होंने शेकाप पार्टी के एमएलए जयंत पाटिल के खिलाफ केस दर्ज किया था।
Maharashtra Police welcomes Hemant Nagrale, IPS who will be taking over the additional charge of Director General of Police (DGP), Maharashtra.
— Maharashtra Police (@DGPMaharashtra) January 7, 2021
We look forward to serving the people of Maharashtra under his leadership. pic.twitter.com/qEEWGFFNgZ
यह भी पढ़ें : महाराष्ट्र: मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह का तबादला, हेमंत नागराले को मिला जिम्मा
यह भी पढ़ें : तबादले से बढ़ी तल्खी: फडणवीस का आरोप, हिरेन की हुई हत्या, एनआईए करे जांच
इन वजहों से सुर्खियों में रहे हेमंत नागराले
- साल 2017 में हेमंत नागराले नवी मुंबई पुलिस आयुक्त थे। इस दौरान वाशी के बैंक ऑफ बड़ौदा में चोरी हुई थी। नागराले ने यह मामला महज दो दिन के भीतर सुलझा लिया था।
- विश्वविख्यात पॉप गायक जस्टिन बीबर के साल 2017 में मुंबई में हुए कार्यक्रम के दौरान बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नागराले को सरकार ने सम्मानित भी किया था।
- नागराले ने विधान परिषद की अनुमति लिए बिना ही शेतकरी कामगार पक्ष (शेकाप) के विधायक जयंत पाटिल के खिलाफ मामला दर्ज किया था। 2018 में उन्हें निलंबित भी किया गया था।
- रायगढ़ जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के कर्ज वसूली मामले में बैंक अध्यक्ष और संचालक के खिलाफ एफआईआर का आदेश भी नागराले ने ही दिया था। वह लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई के लिए भी जाने जाते हैं।
- 26/11 हमले के दौरान जब आतंकियों ने लियोपोल्ड कैफे में गोली चलाई तो उस वक्त डिनर कर रहे नागराले टीशर्ड और हाफ पैंट में ही सर्विस रिवॉल्वर लेकर लियोपोल्ड पहुंच गए थे।
- लेकिन, तब तक आतंकी ताज होटल में भाग गए थे। नागराले भी ताज की ओर चले। वहां उन्होंने अंदर जा रहे लोगों को रोका और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की थी।