AKG Centre Attack: कांग्रेस नेता क्राइम ब्रांच की हिरासत में, पार्टी ने कहा- ये कार्रवाई राजनीति से प्रेरित
पुलिस के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता शफी परंबिल ने कहा यह राजनीति से प्रेरित है। कांग्रेस पर अपराध को पिन करने के लिए सीपीआई (एम) का जो एजेंडा है उसी के मुताबिक ये कार्रवाई की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केरल पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सत्तारूढ़ माकपा के राज्य मुख्यालय एकेजी सेंटर पर हमले के मामले में गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच की टीम ने मामले के संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है। गौरतलब है कि मामले की जांच दो महीने पहले क्राइम ब्रांच की टीम ने शुरू की थी। वहीं, कांग्रेस ने पुलिस के इस कदम को राजनीति से प्रेरित बताया है। कांग्रेस नेता शफी परंबिल ने कोच्चि में कहा कि इस समय जबकि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा निकल रही है ऐसे में पार्टी के नेता पर कार्रवाई करना, यात्रा को प्रभावित करने के लिए ऐसा किया जा रहा है।
क्राइम ब्रांच के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हिरासत में लिए गए संदिग्ध का नाम जितिन है, वह युवा कांग्रेस का स्थानीय नेता है और तिरुवनंतपुरम के नजदीक कजाकूटम का रहने वाला है। संदिग्ध ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालयों में तोड़फोड़ पर जवाबी कार्रवाई करते हुए एकेजी सेंटर पर हमला किया था। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्ध की पहचान की गई है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
वहीं,पुलिस के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता शफी परंबिल ने कहा यह राजनीति से प्रेरित है। कांग्रेस पर अपराध को पिन करने के लिए सीपीआई (एम) का जो एजेंडा है उसी के मुताबिक ये कार्रवाई की गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस तरह की पुलिसिया कार्रवाई, कांग्रेस नेता राहुल गांधी के केरल पहुंचने पर हर बार होती है। पिछली बार जब राहुल गांधी केरल आने वाले थे, तो खबर आई थी कि कांग्रेस के एक जिला सचिव को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की खबरें आ रही हैं।
वहीं, माकपा के राज्य सचिव एम वी गोविंदन ने भी कांग्रेस के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि एकेजी सेंटर पर हमले की जांच सही दिशा में चल रही है। इस मामले के आरोपियों को पकड़ने से विपक्ष के झूठे प्रचार का पर्दाफाश हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना के पीछे और लोग भी हैं।
इस संबंध में एक जुलाई को छावनी पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 436 (आग या विस्फोटक पदार्थ द्वारा घर को नष्ट करने के इरादे से शरारत) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3 (ए) के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के बाद पुलिस ने कहा था कि 30 जून की रात करीब 11.30 बजे एक मोटरसाइकिल सवार ने राजधानी के बीचों-बीच स्थित एकेजी सेंटर पर विस्फोटक पदार्थ फेंका था।
केरल में कुत्तों की हत्या पर रोक लगाने की मांग
इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (आईएटीओ) ने केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को पत्र लिखकर राज्य में कुत्तों की सामूहिक हत्या पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। आईएटीओ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव मेहरा ने कहा कि कुत्तों की हत्या की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। हाल ही में स्थानीय और सोशल मीडिया पर केरल की सड़कों पर कुत्तों को मारकर लटकाने की वीभत्स तस्वीरें सामने आ चुकी हैं। पत्र में कहा गया है, विदेशी टूर ऑपरेटरों और पर्यटकों ने केरल में कुत्तों की सामूहिक हत्या पर गहन चिंता व्यक्त की है। यह बहुत की भयावह और अमानवीय है। टूर संचालकों ने मुख्यमंत्री से लावारिश कुत्तों की समस्या का वैज्ञानिक समाधान निकालने का आग्रह किया है।