26/11 हमले के 10 साल बाद भी तनकर खड़ा है चाबड़ हाउस
मुंबई में 26/11 को हुए आतंकी हमले में 10 साल पूरे होने के बावजूद दक्षिण मुंबई के कोलाबा स्थित चाबड़ हाउस की पांच मंजिली इमारत तनकर खड़ी है। 26/11 की 10वीं बरसी के मौके पर चाबड़ हाउस इमारत के सामने स्थित रेक्स बेकरी में नये सिरे से रंगाई-पुताई हुई है। लेकिन, इसकी दीवार पर अब भी 26 नवंबर 2008 के गोलियों के निशान मौजूद हैं जहां लाल घेरा बना दिया गया है।
बेकरी के संचालक कुरैश जोराबी की ओर से दीवार पर यह संदेश लिखा गया है कि हम मुंबई पर हुए 26/11 के आतंकवादी हमले की निंदा करते हैं। मुंबई में इजराइल के महावाणिज्य दूत याकोव फिंकेल्स्टाइन ने कहा कि इस हमले से भारत और इजराइल के संबंध प्रभावित नहीं हुए और आज भी इजराइल के लोग यहां सुरक्षित महसूस करते हैं।
हमले के बाद और नजदीक आए भारत व इजराइल
फिंकेल्स्टाइन ने कहना है कि आतंकवादी हमले के बाद भारत और इजराइल पहले से ज्यादा करीब आए। आतंकवादियों ने सोचा कि वे हमारी हिम्मत तोड़ सकते हैं या हमारे बीच आ सकते हैं, लेकिन ठीक इसका उल्टा हुआ। हमें अपने स्थानीय समुदाय से पता चलता है कि वे मुंबई में सुरक्षित महसूस करते हैं और मुंबई में उनका स्वागत होता है।
इजराइल के महावाणिज्य दूत के मुताबिक, मुंबई में करीब 4,000 भारतीय यहूदी रहते हैं। फिंकेल्स्टाइन की बातों से सहमति जताते हुए स्थानीय यहूदी सैमसन मॉसेज ने कहा कि चाबड़ हाउस में सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। हमें यहां आना पसंद है। सुरक्षा का कोई मसला नहीं है।
चाबड़ हाउस के आसपास की सड़कों पर अब कई सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। फिंकेल्स्टाइन ने कहा कि भारतीय अधिकारियों ने सुरक्षा बढ़ाने का यह कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि 26/11 हमले के 10 साल पूरे होने के मौके पर चाबड़ हाउस यहूदी समुदाय के साथ एक कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है।