फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   ADR: Criminal Background, Financial, Education and Details of Candidates of Meghalaya, Nagaland and Tripura

तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव: मेघालय के उम्मीदवार सबसे अमीर, त्रिपुरा के प्रत्याशियों के पास सबसे कम संपत्ति

Sat, 25 Feb 2023 10:24 PM IST
शिवेंद्र तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शिवेंद्र तिवारी Updated Sat, 25 Feb 2023 10:24 PM IST
विज्ञापन
सार
तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में मेघालय में सबसे ज्यादा 375 में से 186 करोड़पति चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, नगालैंड में 184 से 116 प्रत्याशी करोड़पति हैं। त्रिपुरा में चुनाव मैदान में उतरे 259 प्रत्याशियों में से 45 उम्मीदवार करोड़पति हैं।
loader
ADR: Criminal Background, Financial, Education and Details of Candidates of Meghalaya, Nagaland and Tripura
विधानसभा चुनाव 2023 - फोटो : AMAR UJALA

विस्तार

मेघालय और नगालैंड में विधानसभा चुनाव के लिए आज शाम प्रचार थम गया। वहीं, एक अन्य पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा में चुनाव हो चुके हैं। इन तीनों राज्यों के परिणाम दो मार्च को घोषित होंगे। इस तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में 818 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन 818 उम्मीदवारों में से 441 राष्ट्रीय दलों से हैं, 150 राज्य दलों से हैं, 106 पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त दलों से हैं। 121 उम्मीदवार निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। इन 818 उम्मीदवारों में से 69 (आठ फीसदी) दागी हैं। 

42 फीसदी करोड़पति उम्मीदवार चुनावी मैदान में 
इस चुनाव में उतरे 818 उम्मीदवारों में से 347 (42 फीसदी) करोड़पति हैं। राज्यवार आंकड़ें देखें तो मेघालय में सबसे ज्यादा 375 में से 186 (50 फीसदी) करोड़पति चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, नगालैंड में 184 से 116 (63 फीसदी) प्रत्याशी करोड़पति हैं। त्रिपुरा में चुनाव मैदान में उतरे 259 प्रत्याशियों में से 45 (17 फीसदी) उम्मीदवार करोड़पति हैं।  

विधानसभा चुनाव 2023
विधानसभा चुनाव 2023 - फोटो : AMAR UJALA
भाजपा के 43 फीसदी तो कांग्रेस के 39 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति 
पार्टीवार विश्लेषण देखें तो तीनों राज्यों में भाजपा के सबसे ज्यादा 43 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं। इन राज्यों में पार्टी 135 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। 135 में से 58 प्रत्याशी करोड़पति हैं। दूसरे स्थान पर निर्दलीय हैं, 121 में से 27 (22 फीसदी) प्रत्याशी करोड़पति हैं। 

कांग्रेस के 96 में से 37 (39 फीसदी) प्रत्याशी करोड़पति हैं। तृणमूल कांग्रेस के 84 उम्मीदवारों में से 31, एनपीपी के 69 उम्मीदवारों में से 50, यूडीपी के 46 उम्मीदवारों में से 30, सीपीआईएम के 43 उम्मीदवारों में से सात, टिपरा मोथा के 42 उम्मीदवारों में से नौ, एनडीपीपी के 40 उम्मीदवारों में से 34 और एनपीएफ के 22 उम्मीदवारों में से 13 की संपत्ति एक करोड़ रुपये से अधिक है।

मेघालय के प्रत्याशी ज्यादा अमीर 
एडीआर की रिपोर्ट की मानें तो तीनों राज्यों में चुनाव लड़ने वाले प्रति उम्मीदवार की औसत संपत्ति 4.14 करोड़ रुपये है। सबसे ज्यादा मेघालय के उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 5.91 करोड़ रुपये है। नगालैंड के प्रत्याशियों की औसत दौलत 5.13 करोड़ है। सबसे कम त्रिपुरा के उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 86.37 लाख रुपये है।

विधानसभा चुनाव 2023
विधानसभा चुनाव 2023 - फोटो : AMAR UJALA
39 फीसदी उम्मीदवार पांचवीं से 12वीं पास 
 चुनाव लड़ रहे 320 (39 फीसदी) उम्मीदवार ऐसे हैं जिनकी पढ़ाई केवल पांचवीं से 12वीं पास के बीच की है। वहीं 479 (59 फीसदी) उम्मीदवारों ने अपने हलफनामों में स्नातक या उससे ऊपर की शैक्षणिक योग्यता बताई है। 13 उम्मीदवार डिप्लोमा धारक हैं। चार प्रत्याशी केवल साक्षर हैं तो दो ऐसे भी हैं जो निरक्षर हैं।

विधानसभा चुनाव 2023
विधानसभा चुनाव 2023 - फोटो : AMAR UJALA
61 से 80 वर्ष की आयु वाले 131 प्रत्याशी 
25 से 40 वर्ष के बीच आयु के 216 (26 फीसदी) उम्मीदवार इस बार चुनावी मैदान में हैं। 459 (57 फीसदी) उम्मीदवारों ने अपनी आयु 41 से 60 वर्ष के बीच घोषित की है। 131 (16 फीसदी) उम्मीदवार ऐसे हैं जिनकी आयु 61 से 80 वर्ष के बीच है। 80 वर्ष से अधिक उम्र वाले दो उम्मीदवार हैं।

केवल नौ फीसदी महिलाएं चुनाव मैदान में 
तीनों राज्यों के विधानसभा चुनावों में 818 में से मात्र 70 (नौ फीसदी) महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मेघालय में 375 उम्मीदवारों में से 36 (10 फीसदी), नगालैंड 184 में से 4 (दो फीसदी) और त्रिपुरा में 259 में से 30 (12 फीसदी) महिला प्रत्याशियों को चुनाव लड़ रहीं हैं।

पार्टियों ने आठ फीसदी दागियों को टिकट दिया
एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक, तीनों राज्यों में चुनाव लड़ रहे 818 उम्मीदवारों में से 69 (आठ फीसदी) के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, 40 (पांच फीसदी) उम्मीदवार गंभीर आपराधिक मामलों का सामना कर रहे हैं। 

प्रत्याशियों में से चार ऐसे हैं जिनके खिलाफ हत्या (आईपीसी की धारा-302) का मामला दर्ज है। वहीं, 12 उम्मीदवारों ने अपने हलफनामे में बताया है कि उनके खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज है। चार उम्मीदवारों ने बताया है कि उनके खिलाफ महिला विरोधी अपराध से संबंधित केस दर्ज हैं। चार उम्मीदवारों में से एक उम्मीदवार ने दुष्कर्म से संबंधित मामला घोषित किया है और एक उम्मीदवार ऐसा भी है जिसके खिलाफ एक ही महिला से बार-बार दुष्कर्म करने के आरोप में मामला दर्ज है।

विधानसभा चुनाव 2023
विधानसभा चुनाव 2023 - फोटो : AMAR UJALA
सीपीआईएम ने सबसे ज्यादा दागी उतारे 
पार्टीवार आकड़ें देखें तो सबसे ज्यादा सीपीआईएम के 43 में से 13 उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज है। कांग्रेस के 96 उम्मीदवारों में से 13 ने अपने खिलाफ आपराधिक मामलों की जानकारी दी है। भाजपा के 135 में से 11 उम्मीदवार दागी हैं। तृणमूल कांग्रेस के 84 में से आठ प्रत्याशी आपराधिक मामलों का सामना कर रहे हैं। अन्य दलों की बात करें तो एनपीपी के 69 में से छह, टिपरा मोथा के 42 में से चार, एनडीपीपी के 40 में से दो, एनपीएफ के 22 में से एक और यूडीपी के 46 में से एक उम्मीदवार दागी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed