आम आदमी पार्टी: पंजाब में चन्नी सरकार पर लगाए आरोप, दिल्ली में भाजपा पर साधा निशाना
आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब में नई चरणजीत सिंह चन्नी की सरकार पर दोषियों को बचाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है तो दिल्ली में पार्टी ने भाजपा को निशाने पर लेते हुए आरोप लगाया है कि भगवा दल निगम चुनाव से पहले शहर का सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ना चाहता है। वहीं, आप नेता भगवंत सिंह मान ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी के नेता अपनी-अपनी कुर्सी के लिए पूरे पंजाब का अपमान कर रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में आम आदमी पार्टी के नेता हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब के नवनियुक्त एडवोकेट जनरल (एजी) अमर प्रीत सिंह देयोल की नियुक्ति बेहद दुखद है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व डीजीपी सुमेध सिंह सैणी और बादल परिवार को बचाने के लिए चन्नी पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से भी दो कदम आगे निकल गए हैं। वे ऐसे व्यक्ति को एडवोकेट जनरल बना रहे हैं जो दोषियों के करीबी के रूप में जाने जाते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चन्नी सरकार को अपना निर्णय वापस लेना चाहिए। यदि चन्नी सरकार ने 10 दिन में देयोल को पद से नहीं हटाया तो आप, सरकार के खिलाफ निर्णायक संघर्ष की शुरूआत करेगी। चीमा ने कहा कि एपीएस देयोल न केवल सुमेध सिंह सैणी, बल्कि अन्य आरोपियों के मामलों की पैरवी भी कर रहे थे। चीमा ने आरोप लगाया कि यह एक सोची-समझी साजिश का नतीजा है और चन्नी भी अब कैप्टन की राह पर चल पड़े हैं।
कुर्सी के लिए पंजाब का अपमान कर रहे कांग्रेसी नेता: भगवंत मान
पंजाब कांग्रेस में नवजोत सिंह सिद्धू और कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच के विवाद के बीच उपजी स्थिति पर आप ने करारा हमला किया है। पार्टी के नेता भगवंत सिंह मान ने कहा है कि कांग्रेस के नेता अपनी-अपनी कुर्सी के लिए पूरे पंजाब का अपमान कर रहे हैं। पंजाब की संस्कृति अपना बलिदान देकर सूबे और पूरे देश का शान बचाने की रही है, लेकिन कांग्रेस नेता जिस तरह एक दूसरे पर कीचड़ उछाल रहे हैं उससे पंजाब की जनता का अपमान हो रहा है।
आप सांसद ने कहा कि कांग्रेस को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है क्योंकि जब तक कांग्रेस सत्ता में है, जनता का नुकसान हो रहा है। उन्होंने आगे कहा कि इसके पहले बादल परिवार पंजाब की शान में गुस्ताखी कर रहा था। वे भी भ्रष्टाचार की पूरी सीमा लांघ गए थे, जनता उनसे परेशान हो गई थी और उनसे छुटकारा पाना चाहती थी। इसके बाद भी वह कुर्सी से चिपककर रहना चाहते थे, लेकिन जनता के गुस्से के कारण उन्हें भी सत्ता से जाना पड़ा।
मान ने कहा कि इसी प्रकार कांग्रेस सरकार भी पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त थी, उससे भी जनता परेशान हो गई है और उससे मुक्ति पाना चाहती है। उन्होंने कहा कि जितनी जल्दी हो सके, कांग्रेस को सत्ता से विदा कर दिया जाना चाहिए।
निगम चुनाव से पहले सांप्रदायिक तनाव बढ़ाना चाहती है भाजपा
आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया है कि नगर निगम चुनाव के पहले भाजपा शहर का सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की फिराक में है। उन्होंने कहा कि पूर्वी दिल्ली के एक इलाके में सौ साल से भी ज्यादा पुराना एक धार्मिक स्थल है। पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने इस धार्मिक स्थल के एक हिस्से को तोड़ने की अनुमति दी है। सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा कि मुस्लिम बहुल इस इलाके में धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाने से सांप्रदायिक तनाव बढ़ने की आशंका है।
आप प्रवक्ता भारद्वाज ने मंगलवार को एक प्रेस वार्ता में कहा कि भाजपा सांप्रदायिक तनाव के आधार पर चुनाव लड़ती है। वह समाज को दो वर्गों में बांटकर अपना जनाधार बढ़ाने का काम करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस चुनाव में भी भाजपा की हार तय दिख रही है और इस हार से बचने के लिए वह लोगों के बीच साप्रदायिक आधार पर कटुता बढ़ाना चाहती है। इसी मामले को उजागर करने के कारण आप के 15 पार्षदों को निगम के सदन से निलंबित कर दिया गया है।