{"_id":"5e3b09c28ebc3ee5f857c4a3","slug":"aap-candidate-nitin-tyagi-says-it-is-not-the-leader-but-the-clock-of-public-examination","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली विधानसभा चुनाव : आप प्रत्याशी ने कहा- यह नेता नहीं, जनता की परीक्षा की घड़ी","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
दिल्ली विधानसभा चुनाव : आप प्रत्याशी ने कहा- यह नेता नहीं, जनता की परीक्षा की घड़ी
Thu, 06 Feb 2020 12:02 AM IST
संजीव कुमार झा
अमित शर्मा, नई दिल्ली
अमित शर्मा, नई दिल्ली
Published by: संजीव कुमार झा
Updated Thu, 06 Feb 2020 12:02 AM IST
विज्ञापन
नितिन त्यागी
पूर्वी दिल्ली लोकसभा के लक्ष्मीनगर विधानसभा क्षेत्र में मौजूदा विधायक नितिन त्यागी एक बार फिर से आम आदमी पार्टी के टिकट पर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। बड़ी-बड़ी जनसभाओं की बजाय सीधे-सादे कपड़ों में वे अपने कुछ साथियों के साथ लोगों से व्यक्तिगत तौर पर मिलकर अपने लिए वोट मांग रहे हैं।
विज्ञापन
चुनाव प्रचार कैसा चल रहा है और एक विधायक के तौर पर अगले पांच साल के लिए उनकी योजनाएं क्या हैं, यह जानने के लिए हमारे संवाददाता अमित शर्मा ने उनके जनसंपर्क कार्यक्रम के बीच उनसे मुलाकात की और विभिन्न मुद्दों पर उनकी राय जानी। पेश है वार्ता के प्रमुख अंश-
विज्ञापन
प्रश्न- मतदान में अब केवल दो दिन का समय बाकी रह गया है। मतदाताओं से क्या अपील करेंगे?
आम आदमी पार्टी ने अपनी चुनाव प्रचार केवल एक मुद्दे पर फोकस किया है- काम। हम चुनाव प्रचार में केवल एक बात लोगों से कह रहे हैं कि अगर हमने आपके लिए काम किया है तो हमें वोट दीजिये। अगर आपके बच्चों के लिए स्कूल बनवाए हैं तो हमें वोट दीजिये। अगर स्कूलों की फीस मनमानी बढ़ने पर हमने रोक लगाई है तो वोट दीजिये। मैं तो कहूंगा कि यह मेरी नहीं जनता की परीक्षा की घड़ी है। वह चुने कि उसे काम पर वोट देने वाली राजनीति को सपोर्ट करना है या लोगों को बांटने वाली राजनीति को। इसलिए मैं सब कुछ जनता के ही ऊपर डाल रहा हूं, वह अपने लिए, अपने बच्चों के लिए जो उचित समझे, उसके लिए वोट करे।
विज्ञापन
प्रश्न- आप बड़ी जनसभाओं की बजाय इस तरह व्यक्तिगत मिल रहे हैं। इतने कम समय में अपने क्षेत्र में कितने लोगों से मुलाकात कर पाएंगे?
आप मुझे जिन कपड़ों में देख रहे हैं, इन्हीं साधारण कपड़ों में मैं इन्हीं गलियों में पला-बढ़ा हूं। दिन भर लोगों से मुलाकात हो रही है। हर जगह अपने जाने-पहचाने चेहरे हैं इसलिए औपचारिकता वाली बात भी नहीं है। इसलिए बिना समय गंवाए मैं अपनी बात कह रहा हूं और लगभग हर क्षेत्र में दो से तीन बार पहुंच चुका हूं। बाकी तो आप लोगों (जनता) के ऊपर है।
प्रश्न- लेकिन आप के ऊपर आरोप है कि आपने सारे काम अपने कार्यकाल के अंत में करवाए हैं?
चलिए, कम से कम आरोप यह है कि मैं काम कर रहा हूं चाहे अंतिम समय में ही सही। लेकिन क्या यह सही नहीं है कि आप सबकी गलियों में रिकॉर्ड स्तर पर काम हुआ है। हर गली नई बनी है। आपकी हर गली मुहल्ले में मैंने कैमरे लगवाए हैं। कई जगहों पर वाई-फाई की सेवा शुरू कर दी है। क्या उन्होंने (विपक्ष) ने कभी ये सब काम किया था? लोग उन्हें देखने के लिए ही पांच साल के बाद पाते थे, जबकि मैं आपके सोनिया विहार बाजार में ही अपना कार्यालय खुलवा दिया था। किसी का कोई भी काम हो, वह हर समय होता था। मैं खुद लगातार उपलब्ध रहता था। अगर आपने मुझसे ज्यादा उपलब्ध रहने वाला विधायक कभी देखा हो तो बताइए।
प्रश्न- बीजेपी पूरी दिल्ली में शाहीन बाग का मुद्दा उठाने की कोशिश कर रही है। क्या आपको लगता है कि लक्ष्मी नगर विधानसभा क्षेत्र में भी यह मुद्दा लोगों को प्रभावित कर सकता है?
मैं आपको सच कहूं तो पब्लिक के बीच इस तरह की बात कभी नहीं होती। आप लोग (मीडिया) ही जब मिलते हैं तब इस तरह के सवाल पूछते हैं। मुझे तो नहीं लगता कि इस तरह की बात कभी यहां मुद्दा बन सकती है।
प्रश्न- अगर आप दोबारा चुनकर आते हैं तो अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए आपकी प्राथमिकताएं क्या होंगी?
मैंने एक ऐसा काम करने की सोचा है जो शायद अभी तक किसी विधायक ने नहीं किया है। दिल्ली में साफ-सफाई का काम एमसीडी का है। लेकिन आपने देखा है कि बेवजह की राजनीति में पूरे पांच साल जगह-जगह पर कचरा फैला रहा। लोगों को परेशानी होती रही लेकिन गंदगी खत्म नहीं हुई।
अगर मैं चुनकर आता हूं तो उनसे मिलकर अनुनय-विनय कर अपने क्षेत्र को पूरी तरह कचरा मुक्त रखने की कोशिश करूंगा। अगर किसी वजह से वे हमारा साथ नहीं देते हैं तो भी मेरी कोशिश होगी कि मैं अपने स्तर पर ही यह काम करवा सकूं। इसके लिए मैं अपने विधायक निधि से एक योजना के तहत अपनी एरिया साफ रखवाने की कोशिश करूंगा। ऐसी ही कई और नई और अनोखी योजनाएं मैंने अपने लोगों के लिए सोच रखी हैं।