Telangana: वारंगल जिले में इंजीनियरिंग की एक छात्रा ने की आत्महत्या, आरोपी और उसका एक सहयोगी गिरफ्तार
वारंगल के पुलिस कमिश्नर एवी रंगनाथ ने बताया कि इस मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। साथ ही आरोपी अजमेरा राहुल और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
विस्तार
तेलंगाना के वारंगल जिले में एक और छात्रा की आत्महत्या का मामला सामने आया है। वारंगल में एक इंजीरियरिंग की छात्रा ने एक पुरुष मित्र द्वारा उसकी व्यक्तिगत तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा करने के बाद फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि छात्रा की एक स्नातक छात्र से दोस्ती थी, जो उससे प्यार करता था। उन्होंने बताया कि बाद में उसकी दोस्ती एक अन्य इंजीनियरिंग छात्र से हो गई।
उन्होंने बताया कि इसके बाद युवती और स्नातक छात्र के बीच मतभेद पैदा हो गए और बाद में इस छात्र ने उसकी कुछ व्यक्तिगत तस्वीरों को अपने अन्य दोस्तों के साथ कथित तौर पर साझा किया। पुलिस ने बताया कि इससे छात्रा परेशान हो गई और उसने रविवार शाम अपने एक रिश्तेदार के घर में फांसी लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली।
छात्रा के माता-पिता ने आरोप लगाया कि उसने दो पुरुषों द्वारा प्रताड़ित किए जाने के कारण इतना बड़ा कदम उठाया। वारंगल के पुलिस कमिश्नर एवी रंगनाथ ने बताया कि छात्रा के पूर्व दोस्त अजमेरा राहुल को जब पता चला कि छात्रा अपने वर्तमान दोस्त, जिसके साथ उसके काफी करीबी संबंध थे, से शादी करने की योजना बना रही है तो उसने उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
एवी रंगनाथ ने बताया कि इस मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। साथ ही आरोपी अजमेरा राहुल और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मेडिकल छात्रा आत्महत्या मामला : तेलंगाना की राज्यपाल ने विस्तृत जांच कराने को कहा
वहीं, वारंगल जिले के एक सरकारी अस्पताल में मेडिकल छात्रा की आत्महत्या के मामले में तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन ने कलोजी नारायण राव यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (केएनआरयूएचएस) के कुलपति से ‘आत्महत्या’ की विस्तृत जांच कराने को कहा है।
ऐसा आरोप है कि वारंगल जिले के एक सरकारी अस्पताल में स्नातकोत्तर मेडिकल पाठ्यक्रम की प्रथम वर्ष की छात्रा ने अपनी सीनियर के उत्पीड़न से तंग आकर 22 फरवरी को आत्महत्या की कोशिश की थी। हैदराबाद के निजाम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (NIMS) अस्पताल में 26 फरवरी को इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई थी। इस मामले में आरोपी सीनियर छात्र, जो एक पुरुष डॉक्टर है, उसे 24 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था।
राजभवन द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, इस घटना को गंभीरता से लेते हुए राजभवन ने केएनआरयूएचएस के कुलपति को पत्र लिखा है। पत्र में मेडिकल छात्रा की मौत की सभी पहलुओं से जांच करने पर जोर दिया गया है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि राज्यपाल ने मृत छात्रा को श्रद्धांजलि दी है और अपराधियों को दंडित करने के लिए पूरी तरह से जांच करने को कहा है।
राज्यपाल के कार्यालय ने स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय में उत्पीड़न और रैगिंग की ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए मानक संचालन प्रक्रियाओं पर एक विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है।पत्र में मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में मेडिकल छात्रों और सहायक प्रोफेसरों के ड्यूटी के घंटों और क्लोज्ड सर्किट कैमरों की स्थापना और कामकाज से निपटने के लिए एसओपी नियमावली के बारे में भी पूछताछ की गई है।