{"_id":"6704b8049941e1c95707dbeb","slug":"92nd-anniversary-of-indian-air-force-is-being-celebrated-across-country-know-all-updates-in-hindi-2024-10-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"IAF: 92वीं वर्षगांठ पर बोले एयर चीफ मार्शल बोले- आत्मनिर्भर और सशक्त वायुसेना जरूरी; PM मोदी-शाह ने दी बधाई","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
IAF: 92वीं वर्षगांठ पर बोले एयर चीफ मार्शल बोले- आत्मनिर्भर और सशक्त वायुसेना जरूरी; PM मोदी-शाह ने दी बधाई
Tue, 08 Oct 2024 10:12 AM IST
शिव शुक्ला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई
Published by: शिव शुक्ला
Updated Tue, 08 Oct 2024 10:12 AM IST
सार
भारतीय वायु सेना (IAF) अमेरिका, चीन और रूस के बाद दुनिया की चौथी सबसे बड़ी वायु सेना है। इसकी आधिकारिक स्थापना 8 अक्तूबर, 1932 को हुई थी। तब से यह दिन पूरे देश में वायुसेना के ठिकानों पर एयर शो और परेड के साथ मनाया जाता है।
विज्ञापन
भारतीय वायुसेना दिवस
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
भारत में आज यानी 8 अक्तूबर को वायुसेना दिवस मनाया गया। स्थापना की 92वीं वर्षगांठ चेन्नई में मनाई गई। वायुसेना प्रमुख ने औपचारिक परेड का निरीक्षण करने के बाद कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात में एक आत्मनिर्भर और सशक्त वायुसेना जरूरी है। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने मौजूदा वैश्विक सुरक्षा माहौल को चुनौतीपूर्ण करार देते हुए कहा, हमें वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए सक्षम और पूर्ण आत्मनिर्भर वायुसेना की दिशा में प्रयास जारी रखने होंगे।
विज्ञापन
उन्होंने चेन्नई के निकट ताम्बरम स्थित वायुसेना स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में कहा, वैश्विक सुरक्षा माहौल लगातार बदल रहा है। ऐसे समय में नवीनतम तकनीक को अपनाने के साथ-साथ अभिनव और लीक से हटकर सोचने की क्षमता बहु-क्षेत्रीय वातावरण में निर्णायक भूमिका निभाएगा। एयर चीफ मार्शल ने इस बात पर जोर दिया कि वायुसेना को राष्ट्रीय हितों को चुनौती देने वाली किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहना होगा।
विज्ञापन
उन्होंन कहा कि इस बार वायुसेना दिवस की थीम भारतीय वायु सेना: सक्षम, सशक्त, आत्मनिर्भर भी ऐसी आकांक्षाओं को पूरी तरह व्यक्त करती है। पिछले कुछ वर्षों में हम बेहतर तकनीक के साथ और अधिक सशक्त हुए हैं और हमने रक्षा प्रणालियों और हथियारों के अधिकाधिक उपयोग के नए स्तर हासिल किए हैं। रक्षा अनुसंधान एवं विकास और विनिर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हमारी प्राथमिकता है।
विज्ञापन
वायुसेना प्रमुख ने वायुसेना दिवस को वायु योद्धाओं के लिए राष्ट्र की सेवा में स्वयं को पुनः समर्पित करने, पिछले वर्ष के कामकाज का आत्मनिरीक्षण करने, उपलब्धियों का उत्सव मनाने, सुधार के क्षेत्रों की पहचान और वर्तमान तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुसार स्वयं को तैयार करने का अवसर बताया। उन्होंने यह भी कहा, भारतीय वायुसेना हमेशा देश और विदेश में मानवीय सहायता और आपदा राहत के लिए सबसे पहले प्रतिक्रिया देने वाली रही है।
वायुशक्ति का अद्भुत प्रदर्शन
स्थापना दिवस के मौके पर रस्मी परेड हुई और वायु शक्ति का अद्भुत प्रदर्शन किया गया। परेड की शुरुआत राष्ट्रपति ध्वज की मार्चिंग के साथ हुई, जो गर्व, एकता, शक्ति और दल भावना का प्रतीक है। इस दौरान तीनों सेनाओं के बैंड के प्रदर्शन से देशभक्ति के जोश से भरपूर और भी मधुर माहौल बन गया। इस दौरान, एयर वॉरियर ड्रिल टीम ने अपनी धारदार और समन्वित कलाबाजी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान भी मौजूद थे।
अत्याधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन
परेड के बाद शानदार हवाई प्रदर्शन हुआ, जिसमें तेजस लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट, सुखोई-30 एमकेआई और पिलाटस सहित विभिन्न जेट विमानों ने कम ऊंचाई पर साहसिक हवाई करतब पेश किए। सूर्यकिरण एरोबेटिक्स टीम और सारंग हेलीकॉप्टर टीम ने इस दौरान रोमांचकारी प्रदर्शन करके लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, एएलएच एमके-4, सी-295 परिवहन विमान, आकाश मिसाइल रक्षा प्रणाली, एचटीटी-40 और रोहिणी रडार जैसे अत्याधुनिक साजोसामान प्रदर्शित किए गए। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वायुसेना दिवस पर जवानों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। वहीं, चेन्नई में जश्न के दौरान एक जवान बेहोश हो गया।
पीएम मोदी ने दी बधाई
भारतीय वायु सेना की 92वीं वर्षगांठ के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वायुसेना के जवानों को बधाई दी है। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स एकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि हमारे बहादुर वायु योद्धाओं को वायु सेना दिवस की शुभकामनाएं। हमारी वायु सेना उनके साहस और व्यावसायिकता के लिए प्रशंसित है। हमारे राष्ट्र की रक्षा में उनकी भूमिका अत्यंत सराहनीय है।
भारत को अपने वायु योद्धाओं पर गर्व है
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री ने राजनाथ सिंह ने भी स्थापना दिवस के मौके पर वायुसेना को बधाई दी। शाह ने एक पोस्ट में लिखा, हमारे वायु योद्धाओं की वीरता आसमान में गरजती रही है, अपने साहस, देशभक्ति और बलिदान के साथ हर पल हमारे राष्ट्र की संप्रभुता की रक्षा करती रही है। राष्ट्र के सम्मान की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुरों को सलाम। वहीं, रक्षामंत्री ने लिखा, भारतीय वायुसेना साहस, वीरता और व्यावसायिकता का पर्याय है। उन्होंने हमेशा हमारे आसमान को सुरक्षित रखा है। भारत को अपने वायु योद्धाओं पर गर्व है।
राहुल और खरगे ने भी दी बधाई
वहीं, नेता विपक्ष राहुल गांधी ने लिखा, भारतीय वायुसेना का अटूट समर्पण हमारे आसमान को सुरक्षित रखता है और हमारा उत्साह बढ़ाता है। हम आपकी निस्वार्थ सेवा और बलिदान के हमेशा ऋणी रहेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी सभी वायु योद्धाओं, कर्मियों, दिग्गजों और उनके परिवारों को स्थापना दिवस की बधाई दी।
चेन्नई में जवान हुआ बेहोश
जश्न के माहौल के बीच मंगलवार को जब चेन्नई के तांबरम वायु सेना स्टेशन पर भारतीय वायु सेना अपनी 92वीं वर्षगांठ का जश्न मना रही थी, तभी वहां वायु सेना का एक जवान बेहोश हो गया। जिसके बाद उसे तत्काल चिकित्सा के लिए ले जाया गया।
दुनिया की चौथी सबसे बड़ी वायुसेना है भारत की
भारतीय वायु सेना (IAF) अमेरिका, चीन और रूस के बाद दुनिया की चौथी सबसे बड़ी वायु सेना है। इसकी आधिकारिक स्थापना 8 अक्तूबर, 1932 को हुई थी। तब से यह दिन पूरे देश में वायुसेना के ठिकानों पर एयर शो और परेड के साथ मनाया जाता है, जिसमें वायुसेना के कैडेट शामिल होते हैं। क्योंकि भारतीय वायुसेना (IAF) की मुख्य जिम्मेदारी भारतीय हवाई क्षेत्र की सुरक्षा के साथ-साथ किसी भी टकराव के दौरान हवाई युद्ध करना है।