{"_id":"63527847febfe92c9d660b5d","slug":"3-die-after-inhaling-toxic-gas-while-cleaning-septic-tank-in-tamil-nadu-latest-news-updates","type":"story","status":"publish","title_hn":"अहम खबरें: तमिलनाडु में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान 3 की मौत, गुजरात में फर्जी वीजा से जुड़े गिरोह का खुलासा","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
अहम खबरें: तमिलनाडु में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान 3 की मौत, गुजरात में फर्जी वीजा से जुड़े गिरोह का खुलासा
Fri, 21 Oct 2022 10:35 PM IST
अभिषेक दीक्षित
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई
Published by: अभिषेक दीक्षित
Updated Fri, 21 Oct 2022 10:35 PM IST
विज्ञापन
ब्रेकिंग न्यूज
- फोटो : अमर उजाला
तमिलनाडु के एक रिसॉर्ट में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि रिजॉर्ट चेन्नई से 47 किमी दूर श्रीपेरंबुदूर में है। सूचना मिलते ही दमकल व बचाव सेवा के जवान मौके पर पहुंचे और शवों को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान रंगनाथन (51), नवीन कुमार (30) और थिरुमलाई (18) के रूप में हुई है। श्रीपेरुम्बदूर पुलिस ने रिजॉर्ट के प्रबंधक और ठेकेदार को हिरासत में ले लिया है। आगे की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
मुंबई के स्कूल पर हमले की साजिश रचने वाले कंप्यूटर इंजीनियर को उम्रकैद
मुंबई की एक कोर्ट ने यहां स्थित अमेरिकी स्कूल के बच्चों पर हमले की साजिश रचने के दोषी कम्प्यूटर इंजीनियर अनीस अंसारी को उम्रकैद की सजा सुनाई। अतरिक्त सत्र न्यायाधीश एए जोगलेकर ने उसे सजा सुनाई। अंसारी को अक्टूबर 2014 में महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते ने गिरफ्तार किया था और वह इसके बाद से जेल में था। उसे भारतीय दंड संहिता की उचित धाराओं और सूचना तकनीक कानून के प्रावधानों के तहत दोषी ठहराया गया।
विज्ञापन
अंबरनाथ में तालाब में चार डूबे
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ कस्बे में शुक्रवार को एक मंदिर के पास एक तालाब में तैरते समय नौ साल का एक बच्चा और तीन किशोर डूब गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। तालाब कोंडेश्वर मंदिर के पास स्थित है और यह घटना दोपहर में हुई। उन्होंने बताया कि मृतक लिनुस भास्कर उच्चपवार (9), स्वयं बाबा मांजरेकर (18), आकाश राजू जिंगा (19) और सूरज मचिंद्र साल्वे (19) पड़ोसी मुंबई के घाटकोपर के रहने वाले थे।
विज्ञापन
लातूर के कारोबारी के घर से लूट के आरोप में चार गिरफ्तार
महाराष्ट्र के लातूर में एक व्यापारी के घर से 2.25 करोड़ रुपये नकद और 2.4 किलोग्राम सोना कथित रूप से लूटने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुराग जैन ने बताया कि घटना 12 अक्तूबर को यहां कटपौर रोड पर कन्हैयानगर में हुई थी। राजकुमार अग्रवाल के घर में लूट को अंजाम देने के दौरान पिस्टल और धारदार हथियारों से लैस गिरोह के सदस्यों को पुणे, जालना और लातूर से पकड़ा गया।
फर्जी वीजा जारी करने के मामले में चार गिरफ्तार
गुजरात पुलिस के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने कनाडा जाने के इच्छुक लोगों को कथित तौर पर फर्जी वीजा जारी करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक पहले भी जेल की सजा काट चुका है। आरोपी के फर्म के जरिए उत्तरी अमेरिकी देश जाने के लिए आवेदन करने वाले पांच लोगों के वीजा आवदेन को कनाडा सरकार ने अस्वीकार कर दिया था। हालांकि,आरोपी ने पीड़ितों को फर्जी वीजा जारी कर धोखाधड़ी की और दावा किया कि उनके आवेदन को कनाडा की सरकार ने मंजूरी दे दी है। गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह का सरगना और अहमदाबाद में नरोदा का रहने वाला नीलेश पांड्या भी शामिल है। अन्य आरोपियों की पहचान जय त्रिवेदी, मयूर पचाल और पीयूष पटेल के तौर पर हुई है।
थूथुकुडी फायरिंग की घटना के पीछे चार पुलिसवाले निलंबित
तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सी सिलेंद्र ने एक पुलिस उपाधीक्षक और तीन कांस्टेबलों को निलंबित कर दिया। उन पर 2018 में स्टरलाइट विरोधी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ अकारण गोलीबारी करने का आरोप था। थूथुकुडी पुलिस फायरिंग में 13 लोगों की जान चली गई थी। जस्टिस अरुणा जगदीशन कमीशन ऑफ इंक्वायरी ने पुलिस को दोषी ठहराया और पुलिस अधिकारियों और अन्य के खिलाफ उचित कार्रवाई की सिफारिश की।
संयुक्त राष्ट्र ने हैती में हिंसा खत्म करने की मांग की
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) ने शुक्रवार को सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर हैती में हिंसा और आपराधिक गतिविधियों को तत्काल समाप्त करने की मांग की। इसके साथ ही एक शक्तिशाली गिरोह के नेता पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई। दस पन्नों के इस प्रस्ताव का मसौदा अमेरिका और मेक्सिको ने तैयार किया था। इस पर बुधवार को मतदान होना था।
भारतीय छात्र बीजिंग में भारतीय दूतावास में पंजीकरण कराएं
बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को चीन लौट रहे भारतीय छात्रों से उसके पास पंजीकरण कराने को कहा है। इसका मकसद है कि उनकी कंसुलर (राजनयिक) जरूरतों को समय पर पूरा किया जा सके। भारतीय दूतावास ने यह परामर्श ऐसे समय में जारी किया है, जब कोरोना की रोकथाम के लिए लागू यात्रा प्रतिबंधों के चलते स्वदेश में फंसे भारतीय छात्र बीजिंग द्वारा वीजा जारी करने की प्रक्रिया को बहाल किए जाने के बाद एक बार फिर कक्षाओं में हिस्सा लेने के वास्ते चीन लौटने लगे हैं।
मणिपुर में भूकंप के झटके
मणिपुर के मोइरांग से 75 किमी ईएसई में आज रात करीब 09:30 बजे 4.4 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप की गहराई जमीन से 10 किमी नीचे थी। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने यह जानकारी दी।