आज के दिन: पेपर लीक रोकने के लिए लाए गए बिल पर लोकसभा में होगी चर्चा, एनडीए सांसदों का मंगल मिलन
नमस्कार! आज है मंगलवार, 28 जुलाई। इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
विस्तार
आज 28 जुलाई 2026 को आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी है। पेपर लीक रोकने के लिए लाए गए सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर आज लोकसभा में चर्चा होने की संभावना है। वहीं, एनडीए सांसदों का मंगल मिलन भी आज होगा।
पेपर लीक रोकने के लिए लाए गए बिल पर चर्चा
पेपर लीक रोकने के लिए लाए गए सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर 28 जुलाई को लोकसभा में चर्चा होने की संभावना है। संसदीय सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की पहल के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष सहमत हो गए हैं। इससे पहले विपक्ष के हंगामे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही बार-बार बाधित हुई थी। सूत्रों के अनुसार, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विभिन्न राजनीतिक दलों के फ्लोर नेताओं से लगातार बातचीत की। उन्होंने इस विधेयक पर छह घंटे की विशेष चर्चा का प्रस्ताव रखा और कहा कि देश की प्रतियोगी परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सभी दलों का एकजुट होना जरूरी है। इस पहल के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों इस बात पर सहमत हो गए कि मंगलवार को विधेयक पर विस्तार से चर्चा होगी। बताया गया कि यदि विपक्ष अधिक समय चाहता है तो चर्चा का समय भी बढ़ाया जा सकता है।
आज होगी एनडीए की बैठक
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की संसदीय दल की बैठक मंगल मिलन मंगलवार को संसद पुस्तकालय भवन के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में होगी। यह बैठक सुबह 9.30 बजे शुरू होगी। एनडीए सदस्यों के बीच यह बैठक ऐसे समय में बुलाई गई है जब केंद्र सरकार नकल-रोधी कानून को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही है। वहीं, विपक्ष जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ कथित पुलिस बर्बरता के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी कर रहा है।(संबंधित खबर यहां पढ़ें)
सीएम योगी का गोरखपुर दौरा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को गोरखपुर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे ग्रीन सिटी कॉलोनी तक निर्मित दो किलोमीटर लंबे टू लेन मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण करेंगे।
हरियाणा में मंत्रिपरिषद के साथ बैठक
हरियाणा सरकार ने मंगलवार को मंत्रिपरिषद की बैठक बुलाई है। यह बैठक मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सुबह 11 बजे चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय के चौथी मंजिल पर मुख्यसभा कक्ष में आयोजित होगी। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों और नीतिगत मामलों पर चर्चा होने की संभावना है। (संंबंधित खबर यहां पढ़ें)
वाराणसी में निकाली जाएगी शोभा यात्रा
वाराणसी में मंगलवार को संत गुरु रविदास जी के जन्म स्थान पर 131 कलश पूजन होगा, शोभा यात्रा निकाली जाएगी।