प्रथम बंगाल अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव शुरू : राज्यपाल बोले- सिने जगत में परिवर्तन लेकर आए सत्यजीत रे, मृणाल
1st Bengal International Film Festival begins: कोलकाता में चार दिवसीय प्रथम बंगाल अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव शुरू हो गया है। पहले दिन टॉलीवुड अभिनेत्री माधवी मुखोपाध्याय और सावित्री चटर्जी व थिएटर कलाकार रुद्रप्रसाद सेनगुप्ता को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
विस्तार
1st Bengal International Film Festival begins: बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने कहा कि सत्यजीत रे और मृणाल सेन दुनिया के सिने जगत में सकारात्मक परिवर्तन लेकर आए। पूरी दुनिया आज उनकी फिल्मों की दीवानी है। हो भी क्यों ना, सिने जगत में जो प्रयोग उन्होंने किए, बहुत कम हैं, जो ऐसा कर पाए। उन्होंने कहा, उनका जन्म भले ही केरल में हुआ हो, लेकिन उन्हें बचपन से ही बंगाल के विख्यात फिल्म निर्देशक श्रेष्ठ लगते थे।
राज्यपाल शुक्रवार को कोलकाता के सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (एसआरएफटीआई) में पहले बंगाल अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (बीआईएफएफ) के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। महोत्सव 27 मार्च तक चलेगा।
इसमें 10 फीचर फिल्में और 26 लघु फिल्में दिखाई जाएंगी। कार्यक्रम का आयोजन सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार और एसआरएफटीआई के सहयोग से सांस्कृतिक संगठन बांग्ला अबार कर रहा है। चार दिवसीय बंगाल अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की शुरुआत सत्यजीत रे की 'हीरक राजार देशे' से हुई। समापन मृणाल सेन की 'इच्छा पुराण' के प्रदर्शन से होगा।
इस दौरान राज्यपाल ने सत्यजीत रे के शुरुआती दिनों के संघर्ष की भी चर्चा की। कैसे सत्यजीत रे को अपनी शुरुआती फिल्मों के लिए फाइनेंसर खोजने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। लेकिन बाद में उन्होंने जिस तरह से काम किया और पूरी दुनिया उनकी फिल्मों की दीवानी हो गई। उनकी फिल्मों ने दुनिया में छाप छोड़ी। उन्होंने ही सिने जगत को बताया कि एक अच्छे और एक महान डायेक्टर में क्या अंतर होता है।
केरल से कोलकाता आया फिल्म देखने
राज्यपाल ने हल्के-फुल्के अंदाज में अपनी रुचियों का उपस्थित लोगों के साथ साझा किए। उन्होंने कहा, उस जमाने में आज जैसा माहौल नहीं था। यू-ट्यूब या ओटीटी नहीं थे। फिल्में केवल सिनेमा घरों में ही देखनी होती थी। उन्होंने बताया कि उनको अच्छी तरह से याद है कि एक बार वे मृणाल सेन की फिल्म एक दिन प्रतिदिन देखने के लिए केरल से कोलकाता आए थे।
माधवी, सावित्री रूद्रप्रसाद को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
फिल्मोत्सव के उद्घाटन समारोह में टॉलीवुड अभिनेत्री माधवी मुखोपाध्याय और सावित्री चटर्जी व थिएटर कलाकार रुद्रप्रसाद सेनगुप्ता को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं अभिनेता रंजीत मल्लिक को सिनेमा में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
बांग्लादेशी फिल्म का भी प्रदर्शन : हिमांशु शेखर
एसआरएफटीआई के निदेशक हिमांशु शेखर खटुआ ने बताया कि महोत्सव में बुद्धदेब दासगुप्ता की उत्तरा, अमत्र्य भट्टाचार्य की एडियू गोडार्डख्, संजय पूरन सिंह चौहान की बहत्तर हूरें, हसीबुर रजा कल्लोल की बांग्लादेशी फिल्म सत्ता और पवन श्रीवास्तव की भोजपुरी फिल्म नया पता दिखाई जाएंगी। फिल्म महोत्सव में नागराज मंजुले की एन एसे ऑफ रेन, विधु विनोद चोपड़ा की एन एनकाउंटर विद फेसेस और माणिक कौल की अराइवल का भी प्रदर्शन किया जाएगा।