आज के दिन: निर्मला सीतारमण का थाईलैंड दौरे का आखिरी दिन, भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा टी20 मुकाबला
नमस्कार! आज है रविवार, 18 अक्तूबर इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
विस्तार
आज 18 अक्तूबर 2026 को आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की सप्तमी/अष्टमी है। निर्मला सीतारमण का थाईलैंड दौरे का आखिरी दिन है। इसके साथ ही भारत महिला टीम का जिम्बाब्वे के साथ दूसरा टी20 मुकाबला है।
निर्मला सीतारमण का थाईलैंड दौरे का आखिरी दिन
केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण थाईलैंड के बैंकॉक दौरे पर हैं। आज उनके इस दौरे का आखिरी दिन हैं। इस दौरे में उन्होंने वित्त मंत्री अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष और विश्व बैंक की वार्षिक बैठकों में भाग लिया। इसके साथ ही जी-20 और जी-7 के वित्त मंत्रियों एवं केंद्रीय बैंक के गवर्नरों की बैठकों में भी भाग लिया। इसके अलावा विभिन्न देशों और संगठनों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी है।
इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज फाइनल
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को इंग्लैंड चैंपियंस और वेस्टइंडीज चैंपियंस के बीच खेला जाएगा। इस खिताबी मुकाबले में दोनों टीमें जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम करने के इरादे से उतरेंगी। भारतीय समयानुसार रात 9 बजे शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारत बनाम जिम्बाब्वे, दूसरा टी20 मुकाबला
भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला रविवार को रायपुर में खेला जाएगा। भारतीय टीम घरेलू मैदान पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी। वहीं, जिम्बाब्वे की टीम भारत को कड़ी चुनौती देने की कोशिश करेगी।
वोट चोरी के मामले में विरोध प्रदर्शन
वोट चोरी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस 18 अक्तूबर को एक बड़ा विरोध प्रदर्शन करेगी। दोपहर एक बजे होने वाले इस प्रदर्शन में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाने के साथ ही सरकार का पुतला भी फूंका जाएगा।
राहुल गांधी की गोवा में जनसभा और यात्रा का समापन
कांग्रेस नेता राहुल गांधी रविवार को गोवा में पार्टी के जनसंपर्क अभियान गोय राखोन यात्रा में हिस्सा लेंगे और मडगांव में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गिरीश चोडानकर के अनुसार, यह रैली 22 सितंबर को शुरू हुई 28-दिवसीय यात्रा का समापन करेगी, जिसने राज्य के सभी 40 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया है।
केरलम के मुख्यमंत्री वीडी. सतीशन रविवार सुबह 9 बजे वेम्बनाड झील पर बने मक्केकदावु-नेरे कदवु पुल का उद्घाटन करेंगे। 98.09 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह 800 मीटर लंबा और फुटपाथ सहित 11 मीटर चौड़ा पुल अलाप्पुझा और कोट्टायम जिलों को सीधे जोड़ेगा। इसके दोनों ओर 60 मीटर लंबी पहुंच सड़कें (अप्रोच रोड) भी बनाई गई हैं।
यह पुल अलाप्पुझा के निवासियों के लिए वैकोम, कोट्टायम और त्रिपुनिथुरा की राह आसान करेगा। साथ ही, प्रस्तावित थुरावर-पंपा सड़क के दूसरे चरण का हिस्सा होने के नाते यह सबरीमाला तीर्थयात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। समारोह की अध्यक्षता पीडब्ल्यूडी मंत्री पी. के. बशीर करेंगे, जिसमें कई प्रमुख मंत्री व सांसद उपस्थित रहेंगे।