पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 103 साल की उम्र में डाला पहला वोट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
18 साल की उम्र में भले ही मतदान करने का अधिकार मिल जाता है, लेकिन असगर अली को अपना पहला मतदान करने का मौका 103 साल की उम्र में मिला है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के आखिरी छठे चरण में बृहस्पतिवार को अली ने अपने जीवन का पहला वोट डाला। अपने लंबे जीवन में असगर तीन देशों के नागरिक रह चुके हैं। बांग्लादेशी भूखंड मध्य मशालडांगा में रहने वाले असगर बीते साल बांग्लादेश के साथ भूखंडों के आदान-प्रदान के बाद भारतीय नागरिक बने थे और बृहस्पतिवार को उन्होंने जिले के दिनहाटा विधानसभा क्षेत्र में पहली बार मतदान किया।
भारतीय नागरिक बनने से पहले अली पूर्वी पाकिस्तान और बांग्लादेश के नागरिक रह चुके हैं, लेकिन भूखंडों की भौगोलिक स्थिति की वजह से उनको अपने जीवन में कभी मतदान की प्रक्रिया में शामिल होने का मौका नहीं मिल सका था। बृहस्पतिवार को असगर अपने घरवालों के साथ चुनाव आयोग की ओर से मुहैया कराए गए एक विशेष वाहन से मतदान केंद्र पहुंचे।
अली के पोते जयनाल अबेदिन ने कहा कि वह अपने पिता और दादा के साथ पहली बार मतदान करने के बाद बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं। मतदान केंद्र के भीतर असगर की चुनाव अधिकारियों ने सहायता की। भारत के इन नए नागरिकों की सहायता के लिए आयोग की ओर से हर मतदान केंद्र पर एक अधिकारी की तैनाती की गई थी। वोट डालने के बाद असगर भी बेहद खुश नजर आए। दिनहाटा विधानसभा क्षेत्र के एक अन्य मतदान केंद्र पर 103 साल के हाशिम अली खांडकर और खातेमान बेवा ने भी पहली बार मतदान किया।