{"_id":"56e1b0c14f1c1bda408b4595","slug":"mandi-sewratri-festival","type":"story","status":"publish","title_hn":"बापू जमींदार पर जस्सी ने मचाया धमाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बापू जमींदार पर जस्सी ने मचाया धमाल
ब्यूरो/अमर उजाला, मंडी
Updated Thu, 10 Mar 2016 11:07 PM IST
विज्ञापन
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय ने धमाल मचाया। दोनों गायकों ने पंडाल में बैठे दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। वहीं, लोक कलाकारों ने खूब रंग जमाया। जादूगर सम्राट बादल ने भी अपनी कला से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। तीसरी सांस्कृतिक संध्या में आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
विज्ञापन
तीसरी सांस्कृतिक संध्या का आगाज शहनाई की मंगल ध्वनि के साथ किया गया। इस दौरान पंजाबी गायक जस्सी गिल व बब्बल राय की आवाज का जादू दर्शकों के सिर चढ़ कर बोला। गायक जस्सी गिल ने बम सूट मार दूंगा, बापू जमींदार, लादेन, लेंसर व अन्य गानें गाकर दर्शकों को पंडाल में झूमने को मजबूर कर दिया। वहीं, पंजाबी गायक बब्बल रॉय ने सोहनी, वन ड्रिम, डियर भरजायी, तेरा नाम, टौर, अख तेरी गाने दर्शकों को खूब झुमाया।
विज्ञापन
संध्या में स्कूली बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। लोक गायक नरेंद्र ठाकुर ने बेटी अनमोल, ओ झुरिए, ओ रीनू, बोतला फूटी हॉय रे नातिया पहाड़ी नाटी गाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। सांस्कृतिक संध्या में मंडी की कृतिका ठाकुर ने तीन ताल और तराना पर शानदार कथक नृत्य किया। लोक कलाकार लाभ सिंह ने फौजिया सिपाहिया अड़ेया रमजा न मार पहाड़ी गाना प्रस्तुत किया।
विज्ञापन
सराज के टीएस गुलेरिया ने धारा लागी कोपड़ी मामा गिंदूआ री खेला, हामें पौहुणे तेरे धारा पेंदा री गुजरिए पर दर्शकों की वाहवाही लूटी। बिलासपुर के जीतू सांख्यायन ने गोरी गिधे बिच नची बड़ी छैल, मुनीष ने आईएम डिस्को डांसर, यारी चंडीगढ़ वालिए, शिमला की शांती हेक्टा ने डूघी घारा रे गोरू ओ अम्मा मेरिए नई चारदे, करसोग की प्रभा ने आई लोढ़ी जातरा ओ शिवादासिए गीत सुनाए, मंडी के अरीन अरोड़ा ने तेरे लिए दुनिया छोड़ दूं, गंदी-गंदी बात, थारे बिना लागे नाही म्हारा जिया रे गाने गाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। इसके फीट ऑफ फायर के डांसरों ने धमाकेधार प्रस्तुति दी। डांसरों ने जिया जले, प्रेम लीला, साडा हक, पांच तारा ठेके गानों पर खूब धमाल मचाया।
तीसरी पंजाबी सांस्कृतिक संध्या में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। छह बजे ही पंजाबी गायक जस्सी गिल व बब्बल रॉय के लिए दर्शक बैठना श्ुारू हो गए। भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जबकि पहली व दूसरी सांस्कृतिक संध्या में खास दर्शक नहीं पहुंचे हैं। पहली सांस्कृतिक संध्या में अधिकतर कुर्सिंया 11 बजे ही खाली हो गई थीं।