सोनीपत। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं की हड़ताल 8 दिसंबर से जारी है। उन्होंने मंगलवार को आंबेडकर पार्क से लेकर सेक्टर-15 तक जुलूस निकाला और राई से विधायक मोहनलाल बड़ौली के आवास का घेराव किया। इस दौरान उन्होंने विधायक के पीए को सीएम के नाम मांगपत्र सौंपा। साथ ही उन्होंने 14 फरवरी को करनाल में सीएम आवास का घेराव करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जब तक उनकी मांग को पूरा नहीं किया जाएगा, तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी।
सीटू के जिलाध्यक्ष आनंद शर्मा, आंगनबाड़ी वर्कर्स यूनियन की नेता गीता नागर, ऊषा, सुमन ने मांग करते हुए कहा कि सरकार की ओर से जल्द उनकी मांगों को पूरा करना चाहिए। पीएम घोषणा के अनुसार कार्यकर्ता को 1500 रुपये व सहायिका को 750 रुपये मानदेय लागू किया जाए। वर्ष 2018 में सीएम की अध्यक्षता में हुए समझौते अनुसार न्यूनतम वेतन लागू किया जाए। बार-बार मांग करने के बावजूद उनकी मांगों को अनदेखा किया जा रहा है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहींं किया जाएगा।