नागरिक अस्पताल में पिछले कुछ दिनों से खांसी जुकाम आदि के मरीजों के लिए अलग से फ्लू ओपीडी बनाई गई है| जिसमें फ्लू के मरीजों की जांच की जाती है| इस फ्लू ओपीडी में रोजाना दो दो डॉक्टरों की शिफ्ट में ड्यूटी लगाई जाती है| ओपीडी में रोजाना 100 से ज्यादा मरीजों की जांच हो रही है| ओपीडी में रविवार को डॉ. प्रदीप लाकड़ा व डॉ. सीमा सिंह की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन इनको ड्यूटी के समय गाउन व बचाव संसाधन नहीं दिए गए| जिससे डॉक्टरों ने मरीजों का जांच करने से इनकार कर दिया |
बता दें कि फ्लू ओपीडी में लगभग 2 घंटे तक मरीजों की जांच नहीं की गई, जिससे मरीज भटकते रहे| मरीज परेशान होकर सीएमओ के पास पहुंचे और उनसे मामले की शिकायत की गई| सीएमओ डॉ. बीके राजौरा के मामले की पूरी जानकारी करने के बाद समस्या का समाधान किया गया| जिसके बाद डॉक्टरों ने मरीजों की जांच शुरू की और उसके बाद ही मरीजों को दवाई भी मिली|