अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। पानीपत निवासी एक महिला को कोविड-19 से ग्रस्त पाया गया था, उसे पिछले कई दिनों से पीजीआइएमएस रोहतक में उपचार के लिए रखा गया था। शनिवार को हुई जांच रिपोर्ट में महिला को इससे राहत मिली है, डॉक्टरों ने जांच में महिला की रिपोर्ट को निगेटिव पाया। हालांकि अभी महिला डॉक्टर्स की निगरानी में ही रहेगी।पीजीआईएमएस के सी ब्लॉक में पानीपत निवासी महिला पिछले कई दिनों से डॉक्टरों की निगरानी में थी, महिला की जांच रिपोर्ट में उसे कोविड-19 से ग्रस्त पाया गया था। आशंका के चलते महिला के भाई व बेटा और बेटी के भी सैंपल कराए गए थे। सुरक्षा की दृष्टि से तीनों को जिला अस्पताल में आइसोलेट किया गया है, इनकी भी जांच रिपोर्ट पिछले दिनों निगेटिव आई थी। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन का कहना है कि सभी की हालत ठीक है। इनका भी एक बार और टेस्ट होगा, इसके बाद ही उन्हें छुट्टी दी जाएगी। गौरतलब है कि महिला रोहतक की रहने वाली है और पानीपत में उसकी शादी हुई है। वह पानीपत में ही काम करती है, महिला जिस फैक्ट्री में काम करती है उसका मालिक विदेश से आया था और कोविड-19 पॉजिटिव पाया गया था।