जींद। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को जींद के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के प्रांगण में विकास कार्यो का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इस दौरान जिले के उचाना,जुलाना, नरवाना हलकों की करीब 50 सड़कों का शिलान्यास किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जींद शहर की सड़कों का भी विकास किया जाएगा। अमरूत योजना के तहत प्रदेश सरकार के पास 18000 करोड़ रुपये की राशि आई है। इस राशि से पूरे प्रदेश की सड़कों का नवीनीकरण होगा।
जींद शहर में अभी अमरूत योजना के तहत बरसाती पानी व सीवरेज के पानी की निकासी की योजना चल रही है। यह काम पूरा होते ही सभी सड़कों को चकाचक कर दिया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यूक्रेन में फंसे हरियाणा के लोगों को निकालने के लिए केंद्र सरकार अपने स्तर पर पूरे प्रयास कर रही है। राजस्थान में पुरानी पेंशन योजना शुरू करने की तरह हरियाणा सरकार की भी इस तरह की कोई योजना है, इस सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा का बजट 7 मार्च को मुख्यमंत्री मनोहर लाल पेश करेंगे और यह बजट प्रदेश के सभी वर्गों की उम्मीदों पर खरा उतरेगा। पुरानी पेंशन योजना शुरू करने पर सीधा उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इस मौके पर जुलाना के विधायक अमरजीत ढांडा, नरवाना के विधायक रामनिवास सुरजा खेड़ा, जेजेपी के जिला प्रधान कृष्ण राठी, डीसी मनोज कुमार सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे।