Fact Check: यूपी में दलित लड़की को मंदिर का पानी पीने पर पीटने का दावा फर्जी, जानें वायरल वीडियो का सच
Fact Check: सोशल मीडिया पर इस वीडियो को जातिवाद से जोड़कर पोस्ट किया गया है। दावा किया गया है एक दलित लड़की को मंदिर का पानी पीने पर ठाकुर समाज के लोगों ने बुरी तरह पीटा। यह दावा पूरी तरह से भ्रामक है।
विस्तार
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि कुछ लोग एक नाबालिग लड़की को डंडे से बुरी तरह पीट रहे हैं। इस घटना को जातिवाद का रंग देकर दावा किया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में दलित समाज की 8 साल की एक लड़की मंदिर में बिना अनुमति के पानी पीने गई थी। इसके बाद ठाकुरों ने उसे बुरी तरह पीट दिया। इस वीडियो को 78,000 से अधिक बार देखा गया है।
क्या है दावा
इस वीडियो को अनिल कुमार नाम के वैरिफाइड अकाउंट से शेयर किया गया है। अकाउंट को खंगालने से पता चलता है कि अनिल कुमार राजस्थान में भीम आर्मी के पूर्व प्रदेश आईटी सेल प्रचारक रह चुके हैं। उन्होंने दावा किया है कि यह वीडियो उत्तर प्रदेश का है, जहां 8 साल की एक दलित लड़की को सिर्फ इसलिए पीटा गया क्योंकि उसने बिना अनुमति के मंदिर से पानी पी लिया था। यह भी दावा किया गया है कि लड़की को पीटने वाले लोग ठाकुर समाज के हैं।
योगी के राज में लड़कियों की पूजा की जा रही है |
— anil Kumar ~ASP (@Anil_Aazad_) April 15, 2024
बिना अनुमति के मंदिर से पानी पीने पर दलित समाज की 8 वर्षीय लड़की को ठाकुरों द्वारा पीटा जा रहा है और प्रताड़ित किया गया!
पता नहीं इस देश से यह भेद भाव कब खत्म होगा pic.twitter.com/7uIbbWizRQ
इसके अलावा पंकज माथुर नाम के सोशल मीडिया यूजर ने भी कुछ ऐसे ही दावे के साथ इस वीडियो को शेयर किया है।
योगी के राज में लड़कियों की पूजा की जा रही है |
— pankaj mathur (@pankajm22214907) April 16, 2024
बिना अनुमति के मंदिर से पानी पीने पर दलित समाज की 8 वर्षीय लड़की को ठाकुरों द्वारा पीटा जा रहा है और प्रताड़ित किया गया!
पता नहीं इस देश से यह भेद भाव कब खत्म होगा pic.twitter.com/sH0L3j6Y2Z
पड़ताल
जब हमने गूगल लेंस पर इस वीडियो के की-फ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया, तो कुछ रिजल्ट सामने आए। पड़ताल में हमने पाया कि यह खबर दिसंबर 2021 की कुछ मीडिया रिपोर्ट्स मिलीं। 29 दिसंबर 2021 को प्रकाशित एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह घटना अमेठी की है, जहां मोबाइल चोरी के आरोप में एक लड़की को बेरहमी से पीटा गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने अनिल कुमार के ट्वीट को फिर से खंगाला। पता चला कि अमेठी पुलिस ने भी इस घटना को पुराना और भ्रामक बताया है।
संदर्भित वायरल वीडियो वर्ष 2021 का है, जिसके संबंध में थाना अमेठी पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर मारपीट की घटना में शामिल तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। कृपया भ्रामक खबर न फैलाएं ।
— AMETHI POLICE (@amethipolice) April 16, 2024
पड़ताल से स्पष्ट है कि सोशल मीडिया यूजर्स का दावा भ्रामक है। इस घटना में मंदिर से पानी पीने पर दलित लड़की की पिटाई किए जाने का कोई मामला नहीं है और ना ही इस घटना का जातिवाद से कोई लेना-देना है।