Fact Check: इस्राइल के एयरबेस पर हुई एयर स्ट्राइक के वीडियो को भारत-पाकिस्तान से जोड़कर किया जा रहा शेयर
Fact Check: सोशल मीडिया पर एयर स्ट्राइक का एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि मिसाइल जमीन की तरफ गिरती हुई नजर आ रही है। इस वीडियो को पाकिस्तान का बताकर शेयर किया जा रहा है। हमारी पड़ताल में यह दावा गलत निकला है।
विस्तार
पहलगाम आतंकी हमले के बाद अब भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान के कई आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया है। इसी के साथ पाकिस्तान से आतंकी ठिकानों को नष्ट होने के कई वीडियो भी सामने आए हैं। साथ ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है, जिसमें मिसाइल आसमान से जमीन की तरफ गिरती हुई नजर आ रही है। इस वीडियो को भारत की तरफ से पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर किए गए हमले की तस्वीरें बताकर शेयर किया जा रहा है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस वीडियो को भ्रामक पाया है। यह वीडियो पाकिस्तान पर मिसाइल गिरने की नहीं है बल्कि ईरानी मिसाइलों का नेगेव रेगिस्तान में इस्राइल के नेवातिम एयरबेस को निशाना बनाया जाने का है। पड़ताल में यह भी सामने आया कि वीडियो 2024 का है।
आपको बता दें पहलगाम के दोषियों एवं साजिशकर्ताओं को सबक सिखाने के लिए भारत ने बड़ा कदम उठाया है। भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकियों के नौ ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया है। रक्षा मंत्रालय ने इस कार्रवाई के बारे में जानकारी दी। भारतीय सशस्त्र बलों ने यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत की। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारतीय बलों ने उन आतंकवादी ढांचे को निशाना बनाया है, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई गई और निर्देशित किया गया था।
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि भारत के द्वारा पाकिस्तान पर मिसाइल दागी गई है। इन मिसाइलों के छोड़े जाने की एक वीडियो को शेयर करके पाकिस्तान पर हमले का बताया जा रहा है।
अंजली द्विवेदी (हिंदू) (@anjalidwivediup) नाम के एक एक्स यूजर ने लिखा “बहनों बेटियों का सिंदूर उजाड़ने के बाद कहा गया था, "मोदी को बता देना" अब जवाब दिया जा रहा है, "ऑपरेशन सिन्दूर" Operation Sindoor!! विनय ना मानत जलध जड़ गए तीन दिन बीति। बोले राम सकोप तब भय बिनु होय ना प्रीति। पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। यहां हमें यह वीडियो डीडी इंडिया भारत के न्यूज़ चैनल के यूट्यूब चैनल पर देखने को मिला। इस वीडियो को 2 अक्तूबर 2024 को पोस्ट किया गया था। इस वीडियो को साथ एक कैप्शन भी लिखा गया था “ईरानी मिसाइलों ने नेगेव रेगिस्तान में नेवातिम एयरबेस को निशाना बनाया”
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि वीडियो ईरान के द्वारा इस्राइल के एयरबेस पर दागी गई मिसाइलों की है। इसे भारत पाकिस्तान से जोड़कर भ्रामक दावा किया जा रहा है।