Fact Check: राहुल-प्रियंका को अमेठी-रायबरेली सीट से उम्मीदवार बनाए जाने का दावा गलत, ये है प्रेस रिलीज का सच
Fact Check: सोशल मीडिया पर कांग्रेस का एक कथित प्रेस रिलीज काफी वायरल है। दावा किया जा रहा है कि पार्टी ने अमेठी लोकसभा सीट से राहुल गांधी और रायबरेली सीट से प्रियंका गांधी को उम्मीदवार बनाया है। पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क की पड़ताल में वायरल दावा फर्जी निकला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश में इस वक्त लोकसभा के चुनाव हो रहे हैं। 19 अप्रैल को पहले जबकि 26 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान कराया गया था। बाकी पांच चरणों के लिए मतदान 7 मई से 1 जून के बीच होंगे। उत्तर प्रदेश की दो चर्चित सीटों अमेठी और रायबरेली पर भी अभी चुनाव होने बाकी हैं, जिन्हें पारंपरिक रूप से गांधी-नेहरू परिवार का गढ़ माना जाता रहा है। अटकलें हैं कि अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट से गांधी परिवार के सदस्य चुनाव लड़ सकते हैं। इन अटकलों के बीच कांग्रेस पार्टी की एक कथित प्रेस रिलीज सोशल मीडिया पर काफी वायरल है। दावा किया जा रहा है कि पार्टी ने अमेठी लोकसभा सीट से राहुल गांधी और रायबरेली लोकसभा सीट से प्रियंका गांधी वाड्रा को उम्मीदवार बनाया है। कथित प्रेस रिलीज को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है।
पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क की पड़ताल में वायरल दावा फर्जी साबित हुआ। डेस्क ने अपनी पड़ताल में पाया कि कांग्रेस पार्टी ने अभी तक (रिपोर्ट लिखे जाने तक) अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट से अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह प्रेस रिलीज फर्जी है।
क्या है दावा
बिहार यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजीव सिंह ने फेसबुक पर कांग्रेस के कथित प्रेस रिलीज को शेयर करते हुए दावा किया, “श्री राहुल गांधी जी अमेठी तथा श्रीमती प्रियंका गांधी जी रायबरेली से लोक सभा की उम्मीदवार। शुभकामनाएं।” पोस्ट का लिंक, आर्काइव लिंक और स्क्रीनशॉट यहां देखें।
फेसबुक पेज अमेठी लोकसभा ने एक अन्य प्रेस रिलीज शेयर करते हुए दावा किया कि अमेठी लोकसभा सीट से प्रियंका गांधी और रायबरेली लोकसभा सीट से राहुल गांधी को उम्मीदवार बनाया गया है। पोस्ट का लिंक, आर्काइव लिंक और स्क्रीनशॉट यहां देखें।
कई अन्य यूजर्स ने भी प्रेस रिलीज को समान दावे के साथ शेयर किया है, जिसे यहां, यहां और यहां देखें।
पड़ताल :
वायरल दावे का सच जानने के लिए डेस्क सबसे पहले दोनों प्रेस रिलीज को ध्यान से पढ़ा। एक प्रेस रिलीज में राहुल व प्रियंका को क्रमश: अमेठी व रायबरेली से उम्मीदवार बताया गया। वहीं दूसरे प्रेस रिलीज में दोनों सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की अदला-बदली कर दी गई। दोनों प्रेस रिलीज पर कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के हस्ताक्षर थे और दोनों प्रेस रिलीज को 30 अप्रैल को जारी किया गया था। डेस्क को वायरल प्रेस रिलीज की विश्वसनीयता पर संदेह हुआ।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए डेस्क ने कांग्रेस पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल्स और आधिकारिक वेबसाइट को खंगाला। पीटीआई फैक्ट चेक को रायबरेली और अमेठी लोकसभा सीटों से उम्मीदवारों की घोषणा से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।
पड़ताल के दौरान पीटीआई फैक्ट चेक को कांग्रेस पार्टी के फेसबुक और एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर 30 अप्रैल को जारी उम्मीदवारों की सूची मिली।
पड़ताल का नतीजा:
सोशल मीडिया पर कांग्रेस पार्टी का एक कथित प्रेस रिलीज शेयर कर दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी को अमेठी और प्रियंका गांधी वाड्रा को रायबरेली लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क की पड़ताल में वायरल दावा फर्जी निकला। फिलहाल, रिपोर्ट लिखे जाने तक कांग्रेस की ओर से ऐसी कोई घोषणा नहीं की गई है। हमारी पड़ताल में वायरल दावा फर्जी निकला।
(This story was originally published by PTI Fact Check Desk, as part of the Shakti Collective. Except for the headline/excerpt/opening introduction para this story has not been edited by Amar Ujala staff)