Fact Check: दिनदहाड़े बाइक चोरी की स्क्रिप्टेड घटना को भ्रामक दावे के साथ किया जा रहा शेयर, पढ़ें पड़ताल
Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है, जिसमें दो युवक बाइक चुराते हुए नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है होली के दिन यह बाइक चोरी हुई है।
विस्तार
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि दिनदहाड़े दो चोर चोरी कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि पुलिस के सामने चोर बाइक की चोरी करके ले गए।
रोहित सिंह (@desHi__chora) नाम के एक एक्स यूजर ने लिखा “आज कल कितना शातिर चोर हो गए है कानून का मजाक बना कर रख दिए हैं। पुलिस वाले के आंख के सामने दिन दहाड़े दो बाइक चोरी।” (पोस्ट का आर्काइव लिंक)
आज कल कितना शातिर चोर हो गए है कानून का मजाक बना कर रख दिए हैं
— ROHIT SINGH (@desHi__chora) March 17, 2025
पुलिस वाले के आंख के सामने दिन दहाड़े दो बाइक चुरा लिए 🐶 pic.twitter.com/KriNapYR73
डीसुमन क्रिएशन नाम के एक यूट्यूब चैनल ने वीडियो को शेयर करके लिखा “होली के दिन बाइक चोरी” (पोस्ट का आर्काइव लिंक)
Animesh of the 10k नाम के एक यूट्यूब अकाउंट से लिखा गया “होली में कैसे बाइक चोरी हो रहा है देखो” (पोस्ट का आर्काइव लिंक)
https://www.youtube.com/watch?v=pitOhcGUUz0
पड़ताल
इस वीडियो की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो को कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। यहां से हमें 15 मार्च, 2025 को 'official_rajthakur_' नामक इंस्टाग्राम हैंडल यह वीडियो पोस्ट किया गया मिला। यह वीडियो वायरल वीडियो के समान ही दिख रहा था, लेकिन इसमें एक डिस्क्लेमर भी दिया गया था, जिसमें कहा गया है "यह वीडियो पूरी तरह से स्क्रिप्टेड है, असली नहीं है। सभी सामग्री केवल मनोरंजन के उद्देश्य और जागरूकता के लिए है और अभद्र भाषा नहीं है।"
इस यूजर के सभी अकाउंट खंगालने पर फेसबुक पर इसका मूल वीडियो मिला। यहां ये पूरा वीडियो मौजूद था। इसके साथ कैप्शन लिखा गया था “लो बन गई होली”। फेसबुक पर भी वीडियो को साथ यह डिस्क्लेमर दिया गया था “यह वीडियो पूरी तरह से स्क्रिप्टेड है, वास्तविक नहीं है, सभी सामग्री केवल मनोरंजन और जागरूकता के उद्देश्य से है, न कि अभद्र भाषा के लिए”
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि वीडियो स्क्रिप्टेड है जिसे भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।