Fact Check: ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी देते हुए राजनाथ सिंह का गुप्त पत्र लीक होने का दावा फर्जी
Fact Check: सोशल मीडिया पर भारत सरकार का एक पत्र शेयर करके दावा किया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि इस पत्र में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से ऑपरेशन सिंदूर में हुए नुकसान का जानकारी दी है। हमारी पड़ताल में यह दावा गलत निकला है।
विस्तार
सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के समर्थन वाले अकाउंट से आए दिन झूठ फैलाने का काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में पाकिस्तान का एक और झूठ सामने आया है। पाकिस्तान की तरफ से एक लेटर सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। इस लेटर से दावा किया जा रहा है कि इसे कथित तौर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ को लिखा था। लेटर को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि भारत के रक्षा मंत्रालय का "गोपनीय" पत्र लीक हो गया है। जिसमें एस-400 विफल और 112 सैनिक मारे जाने की जानकारी है। मोदी ने अपनी उधमपुर यात्रा से पहले सच्चाई को दबाने की कोशिश की लेकिन अब सच्चाई सामने आ गई है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। जांच में पता चला कि यह पत्र झूठा है। इस पत्र को झूठ फैलाने के लिए साझा किया जा रहा है। भारत सरकार की नोडल वेबसाइट की तरफ से यह जानकारी दी गई है कि इस तरह का कोई भी पत्र सुरक्षा मंत्रालय की तरफ से शेयर नहीं किया गया है।
पाकिस्तान के कई सोशल मीडिया अकाउंट से एक पत्र शेयर किया जा रहा कि जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ उत्तरी कमान को यह पत्र लिखा था, जिसमें यह जानकारी दी गई थी कि एस-400 नष्ट हो गया और 112 सैनिक मारे गए।
PakVocals (@PakVocals) नाम के एक एक्स अकाउंट से पत्र शेयर करके लिखा गया कि “लीक: भारत के रक्षा मंत्रालय का “गोपनीय” पत्र उजागर! S-400 विफल। 112 सैनिक मारे गए। मोदी ने अपनी उधमपुर यात्रा से पहले सच्चाई को दबाने की कोशिश की - लेकिन अब सच्चाई सामने आ गई है।” पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने इस पत्र से जुड़े कीवर्ड से इसे खोजने की कोशिश की। वहां हमें पीआईबी की एक्स पोस्ट मिली। पीआईबी भारत सरकार की नोडल वेबसाइट है, यहां इस पत्र को झूठा बताते हुए पत्र की सच्चाई बताई गई थी। पीआईबी ने पत्र को फर्जी बताते हुए लिखा था “भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ को संबोधित एक झूठा पत्र सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। इसे पाकिस्तानी अकाउंट्स द्वारा गलत प्रचार के रूप में फैलाया जा रहा है जिसका उद्देश्य गलत सूचना फैलाना है।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि पाकिस्तान की तरफ से भारत को लेकर झूठ फैलाने की कोशिश की जा रही है।