Fact Check: राहुल गांधी ने नहीं कहा- नरेंद्र मोदी को चुनाव जीतने में हिंदुस्तान मदद करता है, पढ़ें पड़ताल
Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी ने कहा है कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह को चुनाव जीतने में हिंदुस्तान मदद करता है। हमने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है।
विस्तार
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में राहुल गांधी कुछ बोलते नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी ने कहा है कि नरेंद्र मोदी चुनाव जीतते हैं और हिंदुस्तान उनकी मदद करता है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वीडियो में राहुल गांधी ने कहा है कि नरेंद्र मोदी वोट चोरी करते हैं और चुनाव जीतते हैं। नरेंद्र मोदी और अमित शाह को चुनाव जीतने में हिंदुस्तान का चुनाव आयोग मदद करता है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी ने कहा है कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह को चुनाव जीतने में हिंदुस्तान मदद करता है।
अशोक पांडे (@ashokpa61296551) नाम के एक्स यूजर ने लिखा, “सुनिए इस नसे बाज का...नरेंद्र मोदी जीतता है और नरेंद्र मोदी और अमित शाह की मदद हिंदुस्तान करता है। भाई इसको घर से बाहर मत निकालो किसी दिन आत्महत्या करके मोदी जी पे इलजाम लगा देगा और खुद थाने में जाकर रिपोर्ट लिखवा देगा।” पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के कई अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें भारतीय युवा कांग्रेस के फेसबुक अकाउंट पर वायरल वीडियो देखने को मिला। वीडियो में राहुल गांधी बोल रहे है कि नरेंद्र मोदी वोट चोरी करते हैं और चुनाव जीतते हैं। नरेंद्र मोदी और अमित शाह को चुनाव जीतने में हिंदुस्तान का चुनाव आयोग मदद करता है।
इसके बाद हमें राहुल गांधी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर पूरा वीडियो देखने को मिला। वीडियो के 52 मिनट 50 सकेंड बाद हमें वायरल क्लिप देखने को मिली। यहां राहुल गांधी ने कहते हुए सुने जा सकते हैं, “नरेंद्र मोदी वोट चोरी करके चुनाव जीतता है। वोट कटवा के वोट बढ़ा के चुनाव जीतता है नरेंद्र मोदी और अमित शाह की मदद हिंदुस्तान का इलेक्शन कमीशन करता है।”
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में पाया कि राहुल गांधी ने नहीं कहा है कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह को चुनाव जीताने में हिंदुस्तान ने मदद की है।