Fact Check: सड़क पर नमाज को लेकर प्रियंका गांधी ने नहीं दिया कोई बयान, जानें वायरल पोस्ट का सच
Fact Check: सोशल मीडिया पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का एक कथित बयान वायरल है। इसमें सांप्रदायिक रंग देते हुए दावा किया गया है कि प्रियंका ने कहा है कि सड़कों पर नमाज नहीं होगा तो पार्कों में योग भी नहीं होगा। बूम ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल बयान मनगढ़ंत है।
विस्तार
इस समय देश में लोकसभा के चुनाव चल रहे हैं। तीन चरणों की वोटिंग हो चुकी है, जबकि चार चरणों का मतदान 13 मई से 1 जून के बीच होगा। उधर तमाम दल अपने अपने उम्मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इस बीच, सोशल मीडिया पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का एक कथित बयान वायरल है। इसमें सांप्रदायिक रंग देते हुए दावा किया गया है कि उन्होंने कहा है, "सड़कों पर नमाज नहीं होगा तो पार्कों में योग भी नहीं होगा।"
बूम ने पाया कि वायरल बयान मनगढ़ंत है। किसी भी विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट में प्रियंका के ऐसे किसी बयान की खबर नहीं है। इस फर्जी बयान को मौजूदा लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शेयर किया जा रहा है। इसके अलावा, बूम से की गई बातचीत में कांग्रेस प्रवक्ता मनीष श्रीवास्तव ने वायरल दावे का खंडन करते हुए इसे फेक बताया।
आपको बताते चलें लोकसभा चुनाव के तीन चरणों की वोटिंग हो चुकी है। चौथे चरण के लिए मतदान 13 मई को होगा। चुनाव के नतीजे 4 जून को आएंगे।
प्रियंका गांधी के इस कथित बयान वाले पोस्टर में यह भी लिखा देखा जा सकता है, ' मेरी आशंका सही निकली कांग्रेस ही भारतीय मुस्लिम लीग है।'
इस पोस्टर को एक्स पर शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, 'कभी तो हिंदुओं की तरफ से बातें किया करो❓कमाल का गांधी परिवार है।'
पोस्ट का आर्काइव लिंक.
फेसबुक पर इस बयान को टेक्स्ट फॉर्म में भी शेयर किया गया है.
पोस्ट का आर्काइव लिंक.
इसके अलावा वेरीफाई करने के रिक्वेस्ट के साथ इस बयान की तस्वीर बूम की टिपलाइन पर भी प्राप्त हुई।
फैक्ट चेक
बूम ने पाया कि यह बयान इससे पहले 2021 में भी वायरल था और बूम समेत कई फैक्ट चेकर्स ने तब भी इसका फैक्ट चेक किया था। बूम ने पाया था कि यह बयान पूरी तरफ से फर्जी है।
बूम ने अभी इस बयान के बारे में जानने के लिए संबंधित कीवर्ड को गूगल सर्च किया, पर बूम को ऐसी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें इस बयान की चर्चा की गई हो। राजनीति में इस तरह के संवेदनशील बयान मीडिया में चर्चा का केंद्र बन जाते हैं, पर बूम ने पड़ताल में पाया कि किसी भी रिपोर्ट में इस बयान का कोई जिक्र नहीं था। बूम ने इस पड़ताल में यह भी पाया कि प्रियंका गांधी ने हाल के दिनों में नमाज को लेकर कोई बयान नहीं दिया है।
आगे एडवांस सर्च की मदद से बूम ने प्रियंका गांधी और कांग्रेस के एक्स हैंडल पर इस बयान तलाश की। पर बूम को ऐसा कोई पोस्ट नहीं मिला जो वायरल बयान से मेल खाता हो।
पुष्टि के लिए बूम ने कांग्रेस प्रवक्ता मनीष श्रीवास्तव से संपर्क किया। उन्होंने बूम से बताया कि "वायरल बयान फेक है, प्रियंका जी ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया।"
(This story was originally published by Boom as part of the Shakti Collective. Except for the headline/excerpt/opening introduction para this story has not been edited by Amar Ujala staff)