Fact Check: अमेरिका के बी-2 स्टील्थ बॉम्बर के ईरान द्वारा गिराए जाने का दावा गलत, पड़ताल में पढ़ें सच
Fact Check: अमेरिका ने शनिवार रात ऑपरेशन मिडनाइट हैमर के तहत ईरान के तीन ठिकानों पर हमला किया। इस हमले के लिए अमेरिका ने बी-2 स्टील्थ बॉम्बर का इस्तेमाल किया है। दावा किया जा रहा है कि ईरान के द्वारा अमेरिका के एक बी-2 बॉम्बर को मार गिराया गया है। हमारी पड़ताल में यह दावा गलत निकला है।
विस्तार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 21 जून को घोषणा की कि अमेरिका ने ईरान के अंदर तीन प्रमुख परमाणु स्थलों पर हमला किया है, जिसे उन्होंने "ऑपरेशन मिडनाइट हैमर" नाम दिया। इस हमले के साथ, अमेरिका इजरायल के बमबारी अभियान में शामिल हो गया - जिसका उद्देश्य ईरान के परमाणु हथियार के उद्देश्य को खत्म करना है, हालांकि ईरान इस दावे को सिरे से नकार रहा है। इसके साथ ही दावा किया जा रहा है कि ईरान ने अमेरिका के ताकतवर हथियार बी-2 स्टील्थ बॉम्बर को मार गिराया है। जमीन पर गिरे हुए बी-2 स्टील्थ बॉम्बर की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर करके दावा किया जा रहा है कि अमेरिका के सबसे ताकतवर हथियार को ईरान ने भेद दिया है। हमारी पड़ताल में यह दावा गलत निकला है।
आपको बता दें कि बी-2 स्टील्थ बॉम्बर अमेरिका का सबसे ताकतवर हथियार माना जाता है। बी-2 स्टील्थ बॉम्बर अमेरिकी वायुसेना में अपनी तरह का खास हथियार है, जो तीन दशकों से अमेरिकी स्टील्थ तकनीक की रीढ़ रहा है। बी-2 स्टील्थ बॉम्बर में दुश्मन के एयर डिफेंस को भेदने की अद्भुत क्षमता है। बी-2 स्टील्थ बॉम्बर विमान की खासियत ये है कि इसे आसानी से ट्रैक नहीं किया जा सकता।
इस तस्वीर को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि अमेरिका दावा कर रहा था कि बी-2 स्टील्थ बॉम्बर रडार से बचकर दुश्मन को तबाह कर सकता है। लेकिन ईरान ने अमेरिका के इस बॉम्बर को कुछ ही समय में गिरा दिया।
मकालिमानी (@RROHINE1) नाम के एक एक्स यूजर ने इस फोटो को शेयर करके लिखा “ईरान के फोर्डो, नतांज़ और इस्फ़हान पर 30,000 पाउंड के बंकर-बस्टर गिराने वाले अमेरिकी बी-2 स्टील्थ बॉम्बर में से एक ईरान के अंदर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ईरानी क्षेत्र से बाहर निकलने में कामयाब नहीं हुआ और अंदर ही अंदर कुचल गया।” पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
इस तरह के कई और दावों का लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इसके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने कीवर्ड के माध्यम से इससे जुड़ी कई रिपोर्ट को सर्च करने की कोशिश की। लेकिन हमें कहीं भी इससे जुड़ी कोई मीडिया रिपोर्ट देखने को नहीं मिली। सर्च करने पर बीबीसी की एक रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट में ईरान द्वारा बी-2 स्टील्थ बॉम्बर को गिराए जाने की दावों के गलत बताया गया था। बीबीसी की तरफ से कहा गया “अमेरिकी बी-2 बॉम्बर के तबाह होने की जो तस्वीर शेयर की जा रही है उसके एआई से बने होने की संभावना है। साथ ही बताया गया है कि अमेरिकी सरकार के अनुसार, ईरान के परमाणु स्थलों पर बमबारी में इस्तेमाल किए गए सभी B-2 बमवर्षक विमान अमेरिका लौट आए।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि अमेरिका के बी-2 बॉम्बर को ईरान के द्वारा गिराने की कोई रिपोर्ट नहीं है। साथ ही इस तरह का कोई भी बात ईरान या अमेरिका की तरफ से नहीं की गई है।