Fact Check: आरबीआई के द्वारा मार्च 2026 पर 500 रुपये के नोट बंद किए जाने का दावा फर्जी, पढ़ें पड़ताल
Fact Check: सोशल मीडिया पर एक दावा शेयर किया जा रहा है, जिसमें कहा जा रहा है कि आरबीआई की तरफ से कहा गया है कि मार्च 2026 तक 90% एटीएम में 100 और 200 के नोट निकलने चाहिए। दावा किया जा रहा है कि 500 रुपये के नोट बंद होने जा रहे हैं। हमारी पड़ताल में यह दावा गलत निकला है।
विस्तार
सोशल मीडिया पर एक दावा आरबीआई (रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया) को लेकर शेयर किया जा रहा है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि आरबीआई ने एटीएम के जरिए 500 रुपये के नोट निकालने पर पाबंदी लगा दी है। अब एटीएम से सिर्फ 100 और 200 रुपये के नोट ही निकाले जा सकते हैं। साथ ही यह भी दावा किया जा रहा है कि आरबीआई ने निर्देश दिए हैं कि भारत के सभी बैंकों को मार्च 2026 से 500 रुपये के नोटों का प्रचलन बंद करना होगा।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। हमने अपनी जांच में पाया कि आरबीआई की तरफ से 500 रुपये के नोटों को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया गया है। बल्कि आरबीआई की तरफ से कहा गया है कि बैंक यह सुनिश्चित करें कि 30 सितंबर 2025 तक 75% एटीएम के कम से कम एक कैसेट से 100 या 200 के बैंक नोट निकले। 31 मार्च 2026 तक देश के 90% एटीएम के कम से कम एक कैसेट से 100 या 200 के बैंक नोट निकले।
आरबीआई के एटीएम में 100 और 200 रुपये के नोट रखने के बयान से जोड़कर दावा किया जा रहा है कि बैंकों को एटीएम में 100 और 200 के ही नोट डालने को कहा गया है। 500 रुपए के नोटों को मार्च 2026 तक आरबीआई बंद करने के योजना बना रही है।
इस तरह के कई और दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इसके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले इससे जुड़े कीवर्ड को सर्च किया। यहां हमें इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट में बताया गया था कि सभी बैंक और व्हाइट लेबल ATM ऑपरेटर यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके ATM नियमित आधार पर 100 रुपये और 200 रुपये के मूल्यवर्ग के बैंक नोट वितरित करें। इसमें कहीं भी 500 रुपये के नोटों को बंद होने का बात नहीं कही गई थी।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि आरबीआई की तरफ से 500 रुपये के नोटों को बंद करने का दावा झूठा है। आरबीआई की तरफ से कहा गया है कि सभी एटीएम से 100 और 200 रुपये के नोट भी निकलने चाहिए।