Fact Check: अमिताभ बच्चन और न्यूज एंकर ने नहीं किया डायबिटीज को हमेशा के लिए खत्म करने का दावा, जानें सच
Fact Check: अमिताभ बच्चन का एक वीडियो वायरल करके दावा किया जा रहा है कि वो एक ऐसी दवा का प्रचार कर रहे हैं जिससे डायबिटीज (मधुमेह) को हमेशा के लिए खत्म किया जा सकता है। PTI ने अपनी पड़ताल में इसे फर्जी पाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोशल मीडिया पर बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और इंडिया टीवी के न्यूज एंकर रजत शर्मा का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दोनों कथित तौर पर एक नयी दवा के माध्यम से डायबिटीज (मधुमेध) को हमेशा के लिए खत्म करने का दावा करते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में खुद अमिताभ को दो हफ्तों में डायबिटीज से हमेशा के लिए छुटकारा पाने और देश की फार्मास्यूटिकल कंपनियों पर हमला बोलते सुना जा सकता है।
पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क ने जब इस वीडियो की पड़ताल की तो पाया कि कुछ यूजर्स एआई टूल्स की मदद से अमिताभ बच्चन और रजत शर्मा की आवाज की क्लोनिंग कर फर्जी विज्ञापन बनाकर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर गलत दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।
दावा:
सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'फेसबुक' पर A new life without sugar नाम के यूजर ने 19 नवंबर को पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ''🧡🧡🧡 अमिताभ के भाषण ने बचाई डायबिटीज के मरीजों की जान!! 🧡🧡🧡'' वायरल वीडियो के शुरू होते ही सबसे पहले इंडिया टीवी के न्यूज एंकर रजत शर्मा को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, ''अमिताभ बच्चन ने आज गुस्से की लहर को उजागर किया उन्होंने देश की एक बड़ी फार्मास्यूटिकल कंपनी के निदेशक पर निर्णायक रूप से हमला किया कारण एक ऐसी दवा को छुपाना जो कुछ ही दिनों में मधुमेह को समाप्त कर सकती है एक दवा जो लाखों लोगों की जान बचा सकती है अमिताभ बच्चन जो केवल फिल्म आइकॉन नहीं बल्कि वह शख्स भी है, जिन्होंने खुद मधुमेह की कठिनाई का सामना किया है उन्होंने पूरे देश से दृढ़ निश्चय के साथ बात की''
इसके बाद स्क्रीन पर अमिताभ बच्चन नजर आते हैं और उसी के साथ यह आवाज आती है, “मैंनें इस दवा की शक्ति को महसूस किया है दो हफ्तों के भीतर मेरा डायबिटीज चला गया क्यों इस मौके को मेरे लोगों से छुपाया जा रहा है आम लोगों की पीड़ा से मुनाफा कमाना बंद करो” इसके बाद रजत शर्मा कहते हैं, “इन शब्दों के साथ अमिताभ ने वादा किया कि पूरी तरह से संघर्ष करेंगे ताकि भारत में कोई भी डायबिटीज का मरीज ना रहे जब तक यह दावा हर किसी तक नहीं पहुंच जाती हूं”
आखिर में अमिताभ बच्चन को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, “दोस्तों आज मैं आपके सामने एक स्टार के रूप में नहीं बल्कि आपके भाई के रूप में खड़ा हूं। हम कितने और झूठों को सहन करेंगे डायबिटीज हमारे परिवारों को तबाह कर रहा है और फार्मास्यूटिकल कंपनियां आपको सिर्फ पैसों के लिए झूठे वादे दे रही हैं। मैं चुप नहीं रहूंगा एक इलाज है जो आपको डायबिटीज से मुक्ति दिला सकता है और वह भी बिना इंजेक्शन और प्रतिबंधों के। क्या वे इसे छुपा सकते हैं? नहीं उन्होंने मुझे गलत समझा मैं तब तक संघर्ष करूंगा जब तक आप में से हर को या नहीं दवा हमारे आधिकारिक वेबसाइट से नहीं मिल जाती।” पोस्ट का लिंक, आर्काइव लिंक और स्क्रीनशॉट यहां देखें।
इसके अलावा, एक और पोस्ट समान दावे के साथ फेसबुक पर शेयर की गई, जिसका लिंक यहाँ देखें-
पड़ताल:
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए डेस्क ने सबसे पहले पहले वीडियो को ध्यान से सुना और देखा। डेस्क ने पाया कि वीडियो में अमिताभ बच्चन और रजत शर्मा का लिप मूवमेंट उनके शब्दों से मेल नहीं खा रहा है। उच्चारण में भी कई गलतियां हैं, जिससे पीटीआई को वीडियो की प्रामाणिकता पर संदेह हुआ। अपनी पड़ताल को जारी रखते हुए पीटीआई ने वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया। इस दौरान पीटीआई को अमिताभ बच्चन का हुबहु वैसा ही वीडियो मिला जैसा वायरल वीडियो में नजर आ रहा था। वायरल वीडियो में अमिताभ की स्पीच के दौरान पीटीआई को ऑडियंस में रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और अध्यक्ष नीता अंबानी भी नजर आईं थीं। वहीं ओरिजिनल वीडियो में भी नीता अंबानी वहीं कपड़े पहने पीटीआई को दिखीं। यह वीडियो धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल (डीएआईएस) चैनल पर 31 मई 2018 को अपलोड किया गया था, जिसमें अमिताभ बच्चन डीएआईएस के 2018 के स्नातक समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आए थे। असल वीडियो का लिंक और स्क्रीनशॉट यहाँ देखें-
यह समारोह 28 मई, 2018 को आयोजित किया गया था, और अमिताभ बच्चन ने आईबी डिप्लोमा प्राप्त करने वाले 104 स्नातकों को एक प्रेरक भाषण दिया था। वायरल वीडियो में अमिताभ के इसी भाषण का एक हिस्सा लेकर उसके मूल ऑडियो को बदलकर डायबिटीज से हमेशा के लिए छुटकारा पाने और देश की फार्मास्यूटिकल कंपनियों पर हमला बोलने वाले ऑडियो जोड़ा गया है। वायरल वीडियो और ओरिजिनल वीडियो का यहाँ मेल करें-
पड़ताल के अंत में, डेस्क ने वायरल वीडियो को AI डिटेक्शन टूल्स Truemedia से स्कैन किया। जांच में सामने आया कि वीडियो में इस्तेमाल किया गया ऑडियो एआई द्वारा निर्मित है। पूरी रिपोर्ट यहां क्लिक कर देखें।
पड़ताल का नतीजा
पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क की पड़ताल से यह साफ है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और इंडिया टीवी के न्यूज एंकर रजत शर्मा के एक अलग-अलग वीडियो का एडिटेड हिस्सा है। इसमें मूल ऑडियो को बदलकर नयी दावा के माध्यम से डायबिटीज (मधुमेध) को हमेशा के लिए खत्म करने का दावा करने वाले ऑडियो से जोड़ा गया है। वायरल वीडियो पूरी तरह से एडिटेड और फर्जी है।
(This story was originally published by PTI as part of the Shakti Collective. Except for the headline and opening introduction para this story has not been edited by Amar Ujala staff)