Vivek Agnihotri: क्या गुजरात दंगों पर फिल्म बनाएंगे विवेक अग्निहोत्री? निर्देशक ने दिया जवाब- ‘मेरा एजेंडा…’
Vivek Agnihotri On Gujarat Riots: ‘द ताशकंद फाइल्स’ और ‘द कश्मीर फाइल्स’ जैसी फिल्में बनाने वाले निर्देशक विवेक अग्निहोत्री इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ को लेकर चर्चाओं में हैं। इसके बाद क्या विवेक अब गुजरात दंगों पर भी फिल्म बनाएंगे? जानिए इसको लेकर क्या बोले निर्देशक।
विस्तार
‘द बंगाल फाइल्स’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान कोलकाता में हुए हंगामे के बाद अब मेकर्स ने आज दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने फिल्म की रिसर्च से लेकर ट्रेलर लॉन्च तक के बारे में बताया गया। इसी दौरान जब विवेक अग्निहोत्री से उनकी फाइल्स सीरीज के तहत गुजरात दंगे पर फिल्म बनाने को लेकर सवाल किया गया, तो जानिए उन्होंने क्या कुछ कहा?
क्या सारे दंगों पर सिर्फ मैं ही फिल्म बनाऊं ?
‘द बंगाल फाइल्स’ को लेकर फिल्म के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री, पत्नी व अभिनेत्री पल्लवी जोशी और को-प्रोड्यूसर अभिषेक अग्रवाल ने एक प्रेस वार्ता की। इस दौरान जब विवेक अग्निहोत्री से पूछा गया कि उन्होंने ‘द कश्मीर फाइल्स’ में कश्मीरी पंडितों के साथ हुए अत्याचार और नरसंहार पर फिल्म बनाई है। अब पश्चिम बंगाल में हुए दंगों पर ‘द बंगाल फाइल्स’ लेकर आ रहे हैं। ऐसे में क्या वो आने वाले वक्त में गुजरात में हुए दंगों पर भी ‘गुजरात फाइल्स’ के नाम से फिल्म बनाएंगे या इसके अलावा मुजफ्फरपुर और मेरठ में हुए दंगों पर भी फिल्म बनाएंगे? इस पर विवेक अग्निहोत्री ने कहा कि इस इंडस्ट्री में लगभग 100-200 निर्देशक हैं, लेकिन फिर भी आप मुझसे ही ये उम्मीद करते हैं कि सारे दंगों पर सिर्फ मैं ही फिल्म बनाऊं। मैं एक निर्देशक हूं भारत का प्रधानमंत्री नहीं हूं। इसलिए मैं सिर्फ उन मुद्दों पर फिल्म बनाऊंगा जो मुझे सही लगेंगे। हालांकि, आपने मुझसे ये उम्मीद की इसके लिए शुक्रिया।
यह खबर भी पढ़ेंः The Bengal Files: 'दो दिन होटल अरेस्ट रही थी बंगाल फाइल्स की टीम', विवेक अग्निहोत्री का CM ममता बनर्जी पर आरोप
विवेक अग्निहोत्री बोले- हां, मेरी फिल्मों का मकसद है
प्रेस वार्ता के दौरान जब उनकी फिल्मों के पीछे के मकसद को लेकर सवाल किया गया, तो विवेक अग्निहोत्री ने कहा कि हां, मेरा मकसद है। मेरा एक एजेंडा है। मैं भारत के उन छिपे हुए मुद्दों पर फिल्म बनाना चाहता हूं, जिनको अभी तक नहीं बताया गया है। फिर वो चाहें ‘द ताशकंद फाइल्स’ हो या ‘द कश्मीर फाइल्स’। हमने फिल्म में दोनों पहलुओं पर बात की और इन फिल्मों से लोगों को इनके पीछे की कहानी के बारे में पता चला।
5 सितंबर को रिलीज होनी है फिल्म
'द बंगाल फाइल्स' 1946 में बंगाल में हुए दंगों पर आधारित है। विवेक अग्निहोत्री द्वारा निर्देशित यह फिल्म 5 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होनी है। फिल्म में एक बार फिर 'द कश्मीर फाइल्स' वाली स्टाकास्ट नजर आएगी। इसमें अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती, दर्शन कुमार, पल्लवी जोशी के साथ सिमरत कौर भी प्रमुख भूमिका में नजर आएंगी।