प्राइम वीडियो को अब संजय कपूर का सहारा, अरशद और बोमन का शो फ्लॉप होने के बाद फेंका नया पत्ता
अमेजन प्राइम वीडियो का इस महीने के बिग टिकट शो ‘एलओएल हंसे तो फंसे’ को हिंदी पट्टी के दर्शकों ने सिरे से नकार दिया है। इस पूरे शो को ‘सिर्फ वयस्कों के लिए’ बनाया गया है लेकिन एडल्ट कॉमेडी के नाम पर इसमें लोगों को हास्य कम और फूहड़ता ज्यादा नजर आई। शो के दोनों होस्ट बोमन ईरानी और अरशद वारसी भी शो की लचर स्क्रिप्ट की वजह से अपना वैसा असर शो में नहीं छोड़ पाए जिसके लिए दर्शकों ने इस शो से उम्मीदें बांधी थी।
ओटीटी प्राइम वीडियो को महीने का दूसरा बड़ा झटका फरहान अख्तर के उस एलान से लगा है जिसके चलते उन्होंने अपने प्रोडक्शन हाउस की फिल्म ‘तूफान’ की रिलीज अनिश्चितकाल के लिए टाल दी है। चर्चा रही है कि ऐसा फिल्म की कहानी का एक मुस्लिम बॉक्सर और एक हिंदू लड़की की प्रेम कहानी को समय के हिसाब से काफी संवेदनशील मानते हुए किया गया है। हालांकि, फरहान अख्तर ने इसकी वजह अपने स्टाफ को कोरोना संक्रमण से दूर रखना बताया है।
अपनी दो बड़ी योजनाओं के इस तरह जमीन पर आ जाने के बाद प्राइम वीडियो ने अपने स्टोर से धों पोछकर एक सुपरनैचुरल सीरीज ‘द लास्ट ऑवर’ निकाली है। इसे प्राइम वीडियो भारत में अपनी पहली ऐसी सीरीज बता रहा है। महीनों से रिलीज के इंतजार में रही इस सीरीज के हीरो संजय कपूर को इन दिनों ओटीटी का सुपरस्टार बनाने की कोशिशें भी चल रही हैं। संजय ने फिल्मी दिनों की अपनी हीरोइन माधुरी दीक्षित के साथ भी एक सीरीज साइन की है जिसे करण जौहर की फिल्म कंपनी बना रही है।
प्राइम वीडियो को अपनी एक मराठी फिल्म ‘फोटो प्रेम’ से भी काफी उम्मीदें हैं। नेटफ्लिक्स पर फिल्म ‘द डिसाइपल’ को मिली कामयाबी के बाद प्राइम वीडियो ने ये दांव खेला है। फिल्म ‘फोटो प्रेम’ में नीना कुलकर्णी और अमिता खोपकर के साथ विकास हांडे, चैताली रोडे और समीर धर्माधिकारी नजर आएंगे।