नेटफ्लिक्स ने डाली साल की पहली सही गुगली, अमित टंडन की कॉमेडी ने दर्शकों को किया क्लीन बोल्ड
डिजिटल रिव्यू: अमित टंडन-फैमिली टंडनसीज (कॉमेडी शो)
कलाकार: अमित टंडन
निर्देशक: निशांत नायक
ओटीटी: नेटफ्लिक्स
रेटिंग: ****
विस्तार
नेटफ्लिक्स ने आखिरकार समझ ही लिया कि भारत की जनता दुनिया की जनता से बहुत अलग है। आड़ी टेढ़ी कहानियां, अश्लीलता भरे दृश्यों और कॉमेडी के नाम पर हर दूसरी लाइन पर गाली के अलावा भी बहुत कुछ ऐसा है जो भारत नाम के इस देश में लोग पसंद करते हैं। अमित टंडन का नाम लेकर नेटफ्लिक्स ने कॉमेडी की वैतरणी पार करने की जो इस बार कोशिश है इसके लिए उसे परिवार के साथ स्मार्ट टीवी देखने वालों से बहुत पुण्य मिलने वाला है।
जाकिर खान, कुणाल कामरा या फिर बस्सी वाली पीढ़ी के लिए पहली सूचना ये है कि अमिट टंडन कोई न्यूटन के सिर पर गिरे सेब की तरह नेटफ्लिक्स पर नहीं टपके हैं। अमित टंडन कॉमेडी के पुराने चावल हैं, बस उनके पुलाव की महक अब जाकर ओटीटी पर फैली है। जसपाल भट्टी को देश का महान कॉमेडियन मानने वाले अमित टंडन का 72 मिनट का शो फैमिली टंडनसीज नेटफ्लिक्स की उस विश्वस्तरीय सीरीज का हिस्सा है जिसे ये ओटीटी कॉमेडियन्स ऑफ द वर्ल्ड के नाम से प्रसारित करने की योजना पिछले साल भर से बनाता रहा है। इस सीरीज में दुनिया के 13 क्षेत्रों के 47 कॉमेडियन्स होंगे और भारत में इसमें अमित टंडन के अलावा अदिति मित्तल और अतुल खत्री को ही मौका मिला है।
अमित टंडन के इस शो की खासियत ये है कि इसे आप अपने माता पिता और बच्चों के साथ भी देख सकते हैं। पूरे शो में गजब का हास्य और वह भी बिना किसी गाली का सहारा लिए। महंगाई समझाने के लिए वो बताते हैं कि कैसे नए नए मां-बाप बने अभिभावक डायपर का हिसाब जोड़ते हैं। अमित टंडन अपनी निजी जिंदगी पर आधारित सच्चे और काल्पनिक चुटकुले सुनाते हैं और इन्हें चतुराई से आपस में जोड़ते चलते हैं।
शो के सबसे बेहतरीन पल वे हैं जब अमित सुनाते हैं कि कैसे पीढ़ी बदलते बदलते परिवार का दर्शन ही बदल गया। वह कहते हैं, पहले हम अपने मां-बाप की सुनते थे और इस उम्मीद में थे कि बच्चे बड़े होंगे तो हमारी सुनेंगे लेकिन हमारे बच्चे बड़े हुए तो दर्शन ही बदल गया। अब बताया गया कि बच्चों की सुननी होती है। अमित कहते हैं, हमारी पीढ़ी की तो बैटिंग ही नहीं आई। बॉलिंग ही किए जा रहे हैं, अपना नंबर कब आएगा?
पूरा शो एक बार में बैठकर देखे जा सकने लायक बन पड़ा है। शो की प्रोडक्शन क्वालिटी भी आला दर्जे की है। मुंबई के फेमस स्टूडियो में शूट किए गए इस एपीसोड में ध्वनि और प्रकाश के संयोजन के अलावा सेट निर्माण में भी पारिवारिक पसंद का ही ध्यान रखा गया है। दर्शक हर उम्र के हैं और इन दर्शकों का शो के बीच बीच अमित टंडन का चलते रहने वाला संवाद शो को थकने नहीं देता।