लौट रहा है गोलियों, गालियों और गंदी बात का सीजन, इस वक्त रिलीज होगा मिर्जापुर 2 का ट्रेलर
ओटीटी पर दिखने वाली देसी कहानियों के बीच शुरू हुए गोलियों, गालियों और गंदी बात के मुकाबले में पिछली बार ‘सैक्रेड गेम्स’ से बराबरी पर छूटी वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ के दूसरे सीजन का आना तय हो चुका है। दशहरा पर होने वाले इस हंगामे की पहली झलक मंगलवार को जारी होगी।
पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, हर्षिता गौर, राजेश तेलंग, शीबा चड्ढा, अमित सियाल, अंजुम शर्मा, विजय वर्मा और प्रियांशु पैन्यूली जैसे कलाकार इस बार ‘मिर्जापुर’ के दूसरे सीजन में पूर्वी उत्तर प्रदेश की इस अपराध गाथा को आगे बढ़ाएंगे। उत्तर प्रदेश के राजनीतिक हालात इन दिनों काफी संवेदनशील है, ऐसे में इस सीरीज के ट्रेलर को लेकर अभी से सतर्कता बरती जा रही है।
‘मिर्जापुर’ के दूसरे सीजन का ट्रेलर लॉन्च करने का मुहूर्त चौघड़िया मुहूर्त के हिसाब से दोपहर 12 बजे का निकाला गया है। यह मंगलवार को अमृत योग बनाता है। इस ट्रेलर लॉन्च में ओटीटी की तरफ से इसका देसी कंटेंट देखने वाली अपर्णा पुरोहित मौजूद रहेंगी। सीरीज बनाने वालों की तरफ से रितेश सिधावनी, पुनीत कृष्णा, गुरमीत सिंह और मिहिर देसाई के मौजूद रहने की जानकारी मिली है।