Gashmeer Leaves Imlie: टीआरपी विनर शो ‘इमली’ के हीरो की विदाई, बोले, ‘मुझे अब अपना भविष्य देखना है’
स्टार प्लस के टीआरपी विनर शो ‘इमली’ से इसके लीड कलाकार गश्मीर महाजनी अलग हो गए हैं। दो साल से लगातार ये शो हर हफ्ते आने वाली टीआरपी के टॉप 5 शोज में शामिल रहा है और इसने हिंदी भाषी राज्यों में अपना एक विशाल दर्शक वर्ग भी तैयार कर लिया है। शो में अब कुछ नए बदलाव होने वाले हैं। कहानी में कुछ हैरान कर देने वाले मोड़ आने वाले हैं और इसके कलाकारों की अभिनय यात्रा भी एक रोमांचक रास्ते पर आगे बढ़ने वाली है। इस बदलाव के बीच ही सीरियल के मुख्य कलाकार गश्मीर ने इससे अलग होने का फैसला कर लिया है।
गश्मीर महाजनी कहते हैं, "आदित्य कुमार त्रिपाठी की भूमिका निभाना एक शानदार यात्रा रही है और यह अब समाप्त हो रही है। यह किरदार मेरे दिल के बहुत करीब रहा है। इमली एक ऐसा शो था जिसने मुझे आज एक घरेलू नाम बना दिया है। यहां मैंने ऐसे बंधन बनाए जो हमेशा के लिए रहेंगे। पिछले कुछ दिनों से, मेरे सह-कलाकार मुझे आंख से आंख मिलाकर नहीं देखते हैं क्योंकि अगर हम आंख मिलाते भी हैं, तो हम रोना शुरू कर देंगे। यह मेरे लिए एक बहुत मधुर अंत रहा है। हालांकि, मुझे अपने भविष्य के प्रयासों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए यह निर्णय लेना पड़ा।”
वही इस मसले पर धारावाहिक ‘इमली’ की निर्माता गुल खान कहती हैं, "अभिनेता गश्मीर महाजनी और हमने सौहार्दपूर्ण तरीके से अपने रास्ते अलग कर लिए हैं। यदि कोई अभिनेता अपनी व्यक्तिगत चाह से किसी शो से बाहर निकलना चाहता है, तो हम उसके फैसले को पूरी तरह से समझते हैं और उसका सम्मान करते हैं। हमारी यह विदाई शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण थी। आदित्य कुमार त्रिपाठी नामक गश्मीर के किरदार के योगदान के लिए हम उनके आभारी हैं। जहां तक आने वाली कहानी का सवाल है तो हमारे पास एक बड़ा ट्विस्ट है जो दर्शकों को हैरान मोहित कर देगा।"