रिलीज से पहले विवादों में फंसी यश की ‘टॉक्सिक’, क्यों ईसाई समूह ने जताई आपत्ति? मेकर्स से माफी मांगने की अपील
Toxic New Controversy: यश की मच अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक’ की रिलीज में अभी एक महीने का समय है। लेकिन फिल्म अभी से ही विवादों में घिरी है। जानिए अब फिल्म को लेकर क्या है नया विवाद…
विस्तार
‘केजीएफ’ स्टार यश इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को लेकर चर्चाओं में हैं। हालांकि, फिल्म रिलीज होने में अभी एक महीने का समय है। लेकिन टीजर सामने आने के बाद से ही फिल्म लगातार सुर्खियों में है। लेकिन अब फिल्म विवादों में भी घिर गई है। एक ईसाई समूह ने फिल्म में कथित तौर पर धार्मिक प्रतीकों के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई है। सरकार और फिल्म अधिकारियों को शिकायतें सौंपी गई हैं और रिलीज से पहले इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की गई है।
राष्ट्रीय ईसाई संघ ने जताई आपत्ति
राष्ट्रीय ईसाई संघ ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि फिल्म के कुछ सीन धार्मिक भावनाओं का अपमान करते हैं। समूह ने विशेष रूप से ईसाई धर्म के प्रमुख एंजल संत माइकल के चित्रण पर आपत्ति जताई है। अपनी शिकायत में संघ ने दावा किया है कि कुछ सीन में संत को आपत्तिजनक तरीके से दिखाया गया है। साथ ही आरोप लगाया कि उनसे जुड़ी तस्वीरों के सामने अश्लील सीन फिल्माए गए हैं, जिससे ईसाई समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
मेकर्स से माफी मांगने की भी मांग
फेडरेशन के अध्यक्ष प्रदीप कुमार ने अधिकारियों से विवादित सीन को हटाने की अपील की है। संगठन ने विवादित सीन वाली प्रमोशनल सामग्री और ऑनलाइन वीडियो को भी हटाने की मांग की है। इसके अलावा समूह ने फिल्म निर्माताओं से माफी मांगने की मांग की है और चेतावनी दी है कि अगर उनकी चिंताओं का समाधान नहीं किया गया तो वे कानूनी कार्रवाई करेंगे। फेडरेशन फिलहाल फिल्म निर्माताओं और अधिकारियों दोनों की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहा है।
महिला संगठन भी टीजर पर जता चुके हैं आपत्ति
यह पहली बार नहीं है जब फिल्म को लेकर आपत्तियां उठाई गई हैं। इससे पहले महिला संगठनों ने फिल्म के टीजर के कुछ हिस्सों को लेकर कर्नाटक राज्य महिला आयोग से संपर्क किया है। इसमें आरोप लगाया गया कि कुछ सीन यौन रूप से उत्तेजक हैं और सामाजिक सोच, विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों पर गलत प्रभाव डाल सकते हैं। इन संगठनों ने इन सीन को हटाने की और जांच की मांग की है। हालांकि, मेकर्स की ओर से अब तक इन दोनों ही मामलों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
यह खबर भी पढ़ेंः ‘गिन्नी वेड्स सन्नी 2’ का पहला लुक आया सामने, इस अंदाज में दिखे मेधा शंकर और अविनाश तिवारी; रिलीज डेट भी जारी
‘धुरंधर 2’ से होगी ‘टॉक्सिक’ की टक्कर
यश स्टारर और उनके द्वारा प्रोड्यूस व लिखी गई 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में यश के अलावा कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मणी वसंत भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगी। इनके लुक्स भी सामने आ चुके हैं। ‘टॉक्सिक’ का मुकाबला बॉक्स ऑफिस पर रणवीर सिंह की ‘धुरंधर: द रिवेंज’ से होगा।