Jason Sanjay: विजय के सीएम बनने पर बेटे जेसन ने दिया रिएक्शन, बताया डेब्यू से पहले पिता ने क्या दी थी सलाह
Jason Sanjay On Cm Thalapathy Vijay: सीएम थलापति विजय के बेटे जेसन संजय ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अपने पैरेंट्स के बारे में काफी कुछ कहा। जेसन ने उस पल का भी जिक्र किया जब उनके पिता सीएम बने थे।
विस्तार
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय और संगीता के बेटे जेसन संजय निर्देशित फिल्म 'सिग्मा’ जल्द रिलीज होने वाली है। इसी बीच एक इंटरव्यू में जेसन ने अपने माता-पिता से मिली सीख और उसके प्रभाव पर बात की।
'उनका सीएम बनना महत्वपूर्ण क्षण'
जब अभिनेता थलापति विजय तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने थे तब सभी को उनके बच्चों की प्रतिक्रिया का इंतजार था। अब महीनों बाद अपने पहले इंटरव्यू में विजय के बेटे जेसन ने मामले पर भावनाएं व्यक्त कीं।
उन्होंने बिहाइंडवुड्स को दिए एक इंटरव्यू में कहा, ‘अप्पा को मुख्यमंत्री बनते देखना एक महत्वपूर्ण क्षण था। यह मेरे, मेरी बहन और हमारे परिवार के हर सदस्य के लिए एक अतिरिक्त जिम्मेदारी है। यह वह विरासत है जिसे हमें आगे बढ़ाना और सुरक्षित रखना है।’
'अप्पा बोले रास्ता खुद बनाना होगा'
इसके साथ ही जेसन ने बताया कि पिता ने उन्हें फिल्मी दुनिया में कदम रखने के पहले क्या सलाह दी थी? जेसन ने कहा, ‘अप्पा ने मुझसे कहा कि मुझे अपनी पहचान और नाम खुद बनाना होगा। मुझे कभी किसी मदद की जरूरत हो तो मैं उनसे संपर्क करूं, लेकिन वह चाहते थे कि मैं अपना रास्ता खुद बनाऊं।'
मां संगीता रखती हैं कड़ी नजर
जेसन संजय जल्द ही फिल्मी दुनिया में बतौर निर्देशक डेब्यू करने जा रहे हैं। इंटरव्यू में आगे मां के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘मैं जब भी रात को बाहर घूमने का प्लान करता हूं। अक्सर पकड़ा जाता हूं क्योंकि मेरी मां संगीता मुझपर कड़ी नजर रखती हैं।’
जेसन ने आगे बताया, ‘एक रात मैंने बिना किसी को बताए कार ले ली और अगली सुबह ही वापस लौटा। मेरा फोन बंद था और परिवार वाले गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने ही वाले थे। जब मैं घर लौटा तो सचमुच बड़ी मुसीबत में फंस गया था।'
कब रिलीज होगी 'सिग्मा'?
संदीप किशन और जेसन संजय की फिल्म 'सिग्मा' की रिलीज डेट पहले 31 जुलाई 2026 थी। मगर इसे स्थगित कर दिया गया। फिल्म अब अगस्त 2026 में रिलीज होगी। फिल्म में संदीप किशन और फारिया अब्दुल्ला ने अहम किरदार निभाया है। वहीं फिल्म का निर्माण लाइका प्रोडक्शंस के बैनर तले हुआ है।