पिता ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी को गांव आने से कर दिया था मना, ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ देखकर दिया था ऐसा रिएक्शन
Nawazuddin Siddiqui On His Father: नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने एक लंबे संघर्ष के बाद सफलता का स्वाद चखा है। आज उनकी गिनती इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकारों में होती है। लेकिन एक वक्त उनके पिता ने ही उन्हें घर आने से मना कर दिया था। जानिए आखिर क्या थी वजह…
विस्तार
नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने अपने दमदार अभिनय से इंडस्ट्री में अपनी एक खास पहचान बनाई है। हालांकि, इस सफलता के पीछे नवाजुद्दीन की जिंदगी में एक लंबा संघर्ष भी है। जिसके चलते उन्हें अपने ही परिवार व पिता से तक उपहास का भी सामना करना पड़ा। अब अभिनेता ने अपने पिता से जुड़ा एक किस्सा साझा किया है, जब उनके पिता ने उन्हें घर आने से ही मना कर दिया था। जानिए आखिर इसके पीछे क्या थी वजह?
तीन साल तक अपने गांव नहीं गए थे नवाज
यूट्यूबर राज शमनी के साथ पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान नवाजुद्दीन ने बताया कि कैसे शुरुआती भूमिकाओं ने उनके पिता को बहुत परेशान किया। एक्टर ने कहा कि शुरुआत में मुझे फिल्मों में हमेशा मार पड़ती थी। मेरी पहली फिल्म 'सरफरोश' में मुझे पीटा गया था। 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' में भी यही हुआ। मैं एक चोर था, एक जेबकतरा, हमेशा मार खाने वाला। मेरे गांव के लोग मेरे पिताजी से कहते थे, 'तुम्हारा बेटा फिल्मों में हमेशा पिटता रहता है।' वो इस बात से बहुत परेशान रहते थे। हम पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हैं, जहां हर किसी को बहुत गर्व है। उन्होंने मुझसे पूछा, 'तुम ऐसे रोल क्यों करते रहते हो?' मैंने उनसे कहा, 'मुझे और कुछ नहीं मिलता, मैं कोशिश कर रहा हूं।' तब उन्होंने कहा, 'तो फिर मार खाने के बाद यहां आना बंद कर दो।' यह सुनकर मैं इतना दुखी हुआ कि तीन साल तक अपने गांव नहीं गया।
‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ देखकर खुश हुए थे पिता
नवाजुद्दीन को पहचान साल 2012 में आई अनुराग कश्यप की फिल्म ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ से मिली। दो भागों में रिलीज हुई इस फिल्म के दूसरे भाग में नवाजुद्दीन प्रमुख भूमिका में नजर आए थे। फिल्म में उनके अभिनय और डायलॉग्स की काफी तारीफ हुई थी। बाद में यह फिल्म बॉलीवुड की एक कल्ट क्लासिक फिल्म बन गई। नवाज ने बताया कि ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ के बाद मैं अपने गांव गया और मैंने पिता से पूछा, 'अब आप क्या सोचते हैं?' तब उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'हां, इस बार तुमने अच्छा काम किया है।'
यह खबर भी पढ़ेंः ‘इंडस्ट्री ने मेरे पति को नजरअंदाज किया’, फराह खान ने बताया क्यों उनसे नाराज हो गए उनके कुछ दोस्त
नवाजुद्दीन सिद्दीकी का वर्कफ्रंट
वर्कफ्रंट की बात करें तो नवाजुद्दीन आखिरी बार इसी साल रिलीज हुई फिल्म ‘थामा’ में नजर आए थे। इसमें उनके साथ आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना प्रमुख भूमिका में थे। वहीं उनके आगामी प्रोजेक्ट्स में डकैती-थ्रिलर 'फरार' है। इसमें वह इलिया वोलोक जैसे अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के साथ एक भौतिकी के प्रोफेसर की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा वह 'सेक्शन 108' , ‘रात अकेली है 2’ और 'ब्लाइंड बाबू' में भी नजर आएंगे।