फैमिली एंटरटेनिंग फिल्म है 'इंग्लिश विंगलिश'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हैलो फ्रैंड्स! आपमें से बहुत से ऐसे लोग भी होंगे जो इंग्लिश ना आने की वजह से अपने आपको किसी से कम आंकते होंगे, लेकिन क्या आप जानते हैं इंग्लिश सीखना कोई बहुत मुश्किल काम नहीं, यदि आपमें सीखने की ललक और जुनून है तो आप किसी भी चीज को आसानी से सीख सकते हैं। इस सप्ताह हम आपको 'इंग्लिश विंगलिश' के बारे में बताएंगे। तो चलिए जानते हैं इंग्लिश विंगलिश आपके मतलब की है या नहीं।
कहानी
शशि गोडबोले (श्रीदेवी) लड्डू बनाकर अपना शौक पूरा करती है और अपना जेबखर्च भी निकालती है, हालांकि उसे आर्थिक रूप से कोई कमी नहीं है लेकिन लड्डू बनाना उसे बेहद अच्छा लगता है। शशि पूरी तरह से भारतीय रंग में रंगी है लेकिन उसको अकसर एक कमी खलती है वो है इंग्लिश न आना।
इस कमी के कारण उसके बच्चे और पति उससे दूर होते जाते हैं। उसकी इज्जत नहीं करते। इन सबके बीच शशि को एक महीने अकेले रहने का मौका मिलता है। इस महीने में शशि कुछ ऐसा करती है जो आप फिल्म में देखेंगे तो आपको मजा आएगा। शशि ना सिर्फ अपने परिवार को बल्कि कपूरी सोसाइटी को साबित करती है कि मेहनत करने वालों की हार नहीं होती।
अभिनय
पूरी फिल्म श्रीदेवी से शुरू होकर श्रीदेवी पर ही खत्म होती है लेकिन उनके चरित्र और फिल्म की थीम को निखारने में आदिल हुसैन और अन्य कलाकारों ने भी खासी मेहनत की है। फिल्म में श्रीदेवी का अभिनय देखते ही बनता है। उन्हें देखकर एक पल के लिए भी यह नहीं लगता कि वो बीते कई बरसों से फिल्मों से दूर हैं और दोबारा से कम बैक किया है। अमिताभ बच्चन बेशक फिल्म में कैमियो रोल में थे लेकिन हंसाए बिना ना रह सकें।
निर्देशन
फिल्म की निर्देशक गौरी शिंदे ने इस फिल्म का निर्देशन कर बॉलीवुड में डेब्यू किया है। लेकिन उनका निर्देशन वाकई काबिले तारीफ था।गौरी ने करैक्टर्स को डेवलप करने में शुरूआत में थोड़ा टाइम जरूर लिया मगर आगे वे दर्शकों को बांधने में कामयाब रहती हैं।
उन्होंने श्रीदेवी और अन्य कलाकारों से काफी बेहतर काम लिया है। फिल्म देखकर ऐसा महसूस होता है कि निर्देशक गौरी शिंदे ने इस फिल्म की स्क्रिप्ट श्रीदेवी को दिमाग में रखकर ही तैयार करवाई थी क्योंकि श्रीदेवी से बेहतर ये किरदार कोई और कर ही नहीं सकता था।
संगीत
हालांकि फिल्म में संगीत की बहुत ज्यादा गुंजाइश नहीं थी लेकिन स्क्रिप्ट की डिमांड और करैक्टर्स की भावनाओं को बयान करने के लिए संगीत अनुकूल है।
क्यों देखें
अगर आप श्रीदेवी के फैन है तो यह फिल्म देख सकते हैं। यदि आप एक सीधी-सादी और पारिवारिक फिल्म देखना चाहते हैं तो भी यह फिल्म देखी जा सकती है। जिन्हें अच्छी कहानी के साथ-साथ एक अच्छे मैसेज वाली फिल्में पसंद हैं तो भी 'इंगलिश विंगलिश' देखी जा सकती है।
क्यों न देखें
यदि आप क्लासिक फिल्में देखने के शौकीन नहीं है तो फिल्म आपके लिए नहीं हैं। मसाला टाइप और मनोरंजन के लिए फिल्म देखने वालों के लिए फिल्म का मजा कम हो सकता है।
एक्स्ट्रा शॉट्स
- 'जुदाई' की रिलीज़ के बाद श्रीदेवी इस फिल्म से 15 साल बाद परदे पर वापसी कर रही हैं।
- 'चीनी कम' और 'पा' बना चुके आर. बाल्की की पत्नी गौरी शिंदे ने निर्देशक के क्षेत्र में इस फिल्म से बॉलीवुड में कदम रखा है।
- फिल्म की पहली च्वॉइस श्रीदेवी को ही रखा गया था।
- फिल्म की शूटिंग का ज्यादात्तर अमेरिका में की गई है।
- ये फिल्म सिर्फ 60 दिनों में कंप्लीट हुई है।
- दिल्ली-यूपी को मिलाकर इस फिल्म को तकरीबन साठ स्क्रीन पर एक साथ रिलीज किया गया है।
फिल्म के सितारे
एक लंबे अरसे के बाद श्रीदेवी सिल्वर स्क्रीन पर 'इंग्लिश विंग्लिश' फिल्म के साथ वापसी कर रही हैं। सितारे कहते हैं कि इस फिल्म से श्रीदेवी का जादू फिर से एक बार लोगों के दिलोदिमाग पर छा जाएगा। यह साल महिला प्रधान फिल्मों के लिए काफी अच्छा रहा है इस कड़ी में 'इंग्लिश विंग्लिश' का नाम भी शामिल होगा।
श्रीदेवी का जन्म 13 अगस्त को हुआ है। इस हिसाब से इनका मूलांक 4 है। इस मूलांक वालों के लिए जीवन का चौथा साल महत्वपूर्ण होता है। श्री देवी के साथ भी ऐसा ही हुआ। 4 साल की उम्र में श्रीदेवी पहली बार तमिल फिल्म 'कंदन कारूनाइ' में नज़र आयी थी।
इस समय श्रीदेवी 49 साल की है। अंक ज्योतिष के हिसाब से 4 अंक वालों के लिए 49वां साल भी काफी महत्वपूर्ण होता है। इसी कारण से श्रीदेवी को फिर से सिल्वर स्क्रीन पर आने का मौका मिला है। यह फिल्म श्रीदेवी की यादगार फिल्मों में शुमार की जाएगी। फिल्म का कलेक्शन सामान्य रहेगा।
(राकेश झा)