Mammootty: बीमारी से ब्रेक के बाद 'पैट्रियट' की शूटिंग पर लौटे ममूटी, हैदराबाद में अनुराग कश्यप से की मुलाकात
Mammootty Return On Shoot: सुपरस्टार ममूटी ने लंबे ब्रेक के बाद फिर से शूटिंग पर वापसी कर दी है। वो अपनी आगामी फिल्म ‘पैट्रियट’ की शूटिंग के लिए हैदराबाद पहुंचे हैं।
विस्तार
मलयालम सुपरस्टार ममूटी बीमारी के बाद अब फिर से शूटिंग पर लौट आए हैं। उन्होंने अपनी आगामी पॉलिटिकल स्पाई थ्रिलर 'पैट्रियट' की शूटिंग शुरू कर दी है। इसके लिए वो हैदराबाद पहुंचे हैं। जहां एयरपोर्ट पर वो अपनी पत्नी के साथ नजर आए। इसके बाद उन्होंने निर्माता-निर्देशक और अभिनेता अनुराग कश्यप से भी मुलाकात की। अब ममूटी के एयरपोर्ट पहुंचने और अनुराग कश्यप से मुलाकात करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
एयरपोर्ट पर पत्नी के साथ दिखे ममूटी
स्वास्थ्य संबंधी ब्रेक के बाद ममूटी अब फिर से शूटिंग पर वापस लौटे हैं। अभिनेता के हैदराबाद पहुंचने पर उनके फैंस काफी खुश हैं। हैदराबाद हवाई अड्डे पर अभिनेता अपनी पत्नी सुल्फत कुट्टी के साथ नजर आए। जहां उन्होंने फैंस का अभिवादन भी स्वीकार किया। इस दौरान अभिनेता बादामी रंग की शर्ट और सफेद रंग की पैंट में नजर आए। एयरपोर्ट पर कई लोगों ने ममूटी का गर्मजोशी से स्वागत किया।
View this post on Instagram
अनुराग कश्यप ने छुए ममूटी के पैर
इसके बाद होटल पहुंचने पर ममूटी ने निर्माता-निर्देशक अनुराग कश्यप से भी मुलाकात की। अनुराग कश्यप और ममूटी की मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में दिख रहा है कि अनुराग काफी सम्मान के साथ ममूटी से मिलते हैं और वो एक्टर के पैर भी छूते हैं। यह वीडियो सामने आने के बाद अब फैंस इन दोनों के साथ में कोई प्रोजेक्ट करने को लेकर भी उत्साहित हैं।
I don't think too many in the #Malayalam media noticed or realised... That's #AnuragKashyap. 😄🤷🏽♂️ #Mammootty #Patriot #Patriotmovie pic.twitter.com/3q22mB0lKT
— Rajkrishnan Menon (@RajkrisMenon) September 30, 2025
पोस्ट साझा कर की थी अपनी वापसी की घोषणा
इससे पहले ममूटी ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा करते हुए अपनी वापसी की घोषणा की। साथ ही एक संदेश भी लिखा था, ‘एक छोटे से ब्रेक के बाद मैं वह काम कर रहा हूं जो मुझे जीवन में सबसे ज्यादा पसंद है। मेरी अनुपस्थिति के दौरान मेरा हालचाल जानने वाले सभी लोगों का शुक्रिया अदा करने के लिए पर्याप्त शब्द नहीं हैं। कैमरा बुला रहा है।’
View this post on Instagram
नवंबर 2024 के बाद शूटिंग पर लौटे ममूटी
नवंबर 2024 में श्रीलंका में आखिरी शूटिंग के बाद ममूटी हैदराबाद शेड्यूल के साथ सेट पर वापसी कर रहे हैं। इस फिल्म के कलाकारों में मोहनलाल, फहद फासिल, कुंचाको बोबन, नयनतारा, रेवती और दर्शना राजेंद्रन शामिल हैं। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि सभी इस हैदराबाद शेड्यूल में भाग लेंगे या नहीं। फिल्म का निर्देशन महेश नारायणन ने किया है।