Ground Zero: 'ग्राउंड जीरो' में इमरान हाशमी को क्यों किया गया कास्ट? निर्देशक ने किया खुलासा
Emraan Hashmi: 'ग्राउंड जीरो' के निर्देशक तेजस प्रभा विजय देओस्कर ने उनकी फिल्म को लेकर खुलासा किया कि उन्होंने इमरान हाशमी को इस फिल्म में क्यों लिया? जानते हैं…
विस्तार
इमरान हाशमी अभिनीत फिल्म 'ग्राउंड जीरो' के निर्देशक तेजस प्रभा विजय देओस्कर ने हाल ही में अपनी फिल्म को लेकर बातचीत की। उन्होंने बताया कि यह फिल्म 2000 के दशक पर कश्मीर में सेट की गई है, जो बीएसएफ अधिकारी नरेंद्र नाथ दुबे के नेतृत्व में एक साहसी मिशन पर आधारित है। नरेंद्र नाथ दुबे ने आतंकवादी ‘गाजी बाबा’ के खात्मे में अहम भूमिका निभाई थी। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि इस फिल्म के लिए उन्होंने इमरान हाशमी को क्यों कास्ट किया?
सच्ची घटनाओं पर आधारित है फिल्म
बुधवार को एएनआई से बात करते हुए निर्देशक ने कहा कि फिल्म वास्तविक घटनाओं पर आधारित है। जो बीएसएफ अधिकारी नरेंद्र नाथ दुबे के नेतृत्व में हुए महत्वपूर्ण मिशन पर केंद्रित है। उन्होंने कहा, ‘यह पूरी तरह से एक वास्तविक घटना पर आधारित है। दुबे जी, जिनका पूरा नाम नरेंद्र नाथ धर दुबे है, कश्मीर में तैनात एक बीएसएफ अधिकारी थे। उन्होंने वहां आठ साल बिताए और लोगों, क्षेत्र और आतंकवादी नेटवर्क के बारे में बहुत कुछ सीखा। उस दौरान, गाजी बाबा का नाम हर जगह था। वह 2001 के संसद हमले के पीछे का मास्टरमाइंड भी था। वह एक बहुत ही खतरनाक आतंकवादी था। दुबे जी ने उसे ट्रैक करने और खत्म करने में एक प्रमुख भूमिका निभाई। यह उनके प्रयासों की वजह से ही था कि पूरा ऑपरेशन सफल रहा, लेकिन उन्हें इसके लिए भारी कीमत चुकानी पड़ी। फिर भी, वह मुस्कुराते हुए कहते हैं कि देश के सामने यह कीमत कुछ भी नहीं है।’
यह खबर भी पढ़ें: Emraan Hashmi: किरदार में उतरने के लिए इमरान हाशमी करते हैं मेहनत, कभी की बॉडी बिल्डिंग, तो कभी सीखा क्रिकेट
इसलिए इमरान हाशमी को किया कास्ट
इस दौरान निर्देशक तेजस प्रभा विजय देओस्कर ने इमरान हाशमी को मुख्य भूमिका में लेने के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि वह सेना की भूमिकाओं में एक ही तरह के अभिनेताओं को लेने के सामान्य पैटर्न को तोड़ना चाहते थे। निर्देशक ने कहा, ‘हमने ‘शंघाई’ जैसी फिल्मों में उनका दमदार अभिनय देखा है। उस फिल्म से हमें पता चला कि वह किस तरह के अभिनेता हैं। जब दुबे जी की भूमिका की बात आई, तो मुझे लगा कि हम अक्सर सेना की फिल्मों में अभिनेताओं को टाइपकास्ट कर देते हैं। तो शायद उस में मुझे लगता है कि हम नयापन भूल जाते हैं। जब इमरान का नाम सामने आया, तो मुझे लगा कि वह नयापन लाएंगे। वह एक शक्तिशाली अभिनेता हैं और मुझे यकीन था कि वह भूमिका के साथ न्याय करेंगे।’
यह खबर भी पढ़ें: Emraan Hashmi: इमरान हाशमी ने नेपोटिज्म पर की खुलकर बात, जानिए आलिया भट्ट की तारीफ में अभिनेता ने क्या कहा?
‘ग्राउंड जीरो’ कब होगी रिलीज?
‘ग्राउंड जीरो’ 25 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में इमरान हाशमी के अलावा सई ताम्हणकर, मुकेश तिवारी, ललित प्रभाकर, जोया हुसैन जैसै कलाकार भी शामिल हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Entertainment news in Hindi related to bollywood, television, hollywood, movie reviews, etc. Stay updated with us for all breaking news from Entertainment and more news in Hindi.