Satluj: रिलीज के तीसरे ही दिन डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटाई गई 'सतलुज'; जी5 ने साझा की जानकारी; किया ये वादा
Diljit Dosanjh Movie Satluj: दिलजीत दोसांझ अभिनीत फिल्म 'सतलुज' 03 जुलाई 2026 को ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर रिलीज की गई थी। रिलीज के तीसरे ही दिन यानी आज रविवार को इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया है। यह अब भारत में स्ट्रीम नहीं हो रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन पर बनी फिल्म 'सतलुज' को बीते शुक्रवार ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया था। यह फिल्म लंबे वक्त से सेंसर बोर्ड में अटकी थी। पहले इसका नाम 'पंजाब 95' था। मेकर्स ने इसका टाइटल बदलकर 'सतलुज' नाम से इसे जी5 पर 03 जुलाई को रिलीज किया। इसे दर्शकों से जबर्दस्त प्रतिक्रिया मिली। रिलीज के तीसरे ही दिन इसे हटा लिया गया है। ओटीटी प्लेटफॉर्म ने पोस्ट शेयर कर जानकारी दी है।
'सतलुज' अब भारत में नहीं होगी स्ट्रीम?
दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज' को ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 पर अब भारत में स्ट्रीम नहीं होगी। अगली सूचना तक जी5 ने इसे अपने प्लेटफॉर्म तक हटा दिया गया है। हालांकि, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने दर्शकों से वादा किया है कि वह फिल्म को वापस लाने के लिए कानूनी विकल्पों पर विचार कर रहा है। साथ ही इतनी अच्छी प्रतिक्रिया देने के लिए दर्शकों का आभार जताया है।
जी5 ने क्या कहा?
जी5 ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट साझा करके फिल्म को हटाए जाने की पुष्टि की है। पोस्ट साझा कर लिखा है, 'फिल्म 'सतलुज' के रिलीज होने के बाद से इसे जो जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है, वह वाकई शानदार है। हम उन सभी दर्शकों के बहुत आभारी हैं, जिन्होंने इस फिल्म को सब्सक्राइब किया, देखा और इसे सपोर्ट किया। आपका प्यार और सपोर्ट हमारे लिए और उन सभी लोगों के लिए बहुत मायने रखता है, जिन्होंने इस कहानी को पर्दे पर उतारा है। जी5 में, हम 'सतलुज' और इसके पीछे की क्रिएटिव सोच के साथ मजबूती से खड़े हैं। हमारा मानना है कि दमदार कहानी कहने की कला में लोगों को प्रेरित करने, लंबे समय तक याद रहने और गहरा असर छोड़ने की क्षमता होती है'।
दर्शकों से किया फिल्म को जल्द वापस लाने का वादा
आगे लिखा है, 'हम सच्ची और सार्थक कहानियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मौजूदा हालात को देखते हुए 'सतलुज' अगले आदेश तक भारत में उपलब्ध नहीं होगी। हम सही प्रक्रिया अपनाकर हर संभव तरीके से इस फिल्म को जल्द से जल्द अपने दर्शकों तक वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कलात्मक ईमानदारी और मकसद के साथ कही गई कहानियों के प्रति हमारा कमिटमेंट अटूट है'। साथ ही कैप्शन में लिखा है, 'हो सकता है कि 'सतलुज' रुक गई हो, लेकिन उसने जो बातचीत शुरू की थी, वह नहीं रुकी है। इतने शानदार प्यार के लिए आपका शुक्रिया। हमें उम्मीद है कि हम इसे जल्द ही वापस लाएंगे'।